August 21, 2026

Yogi Adityanath on PDA: 'गिरगिट की तरह रंग बदलती है सपा; PDA का P पिछड़ा से पंडित हुआ, कल पाकिस्तान कर देंगे'- सीएम योगी - Haribhoomi

लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण कल्याण सिंह 'बाबूजी' की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित 'हिंदू गौरव दिवस' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर करारा हमला बोला। सीएम योगी ने सपा के 'पीडीए' फार्मूले पर तंज कसते हुए कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली इस पार्टी का 'P' पहले पिछड़ा था, फिर पंडित हुआ और एक दिन ये इसे पाकिस्तान कर देंगे।

Yogi Adityanath

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

  • Published: 21 Aug 2026, 05:10 PM IST
  • Last Updated: 21 Aug 2026, 05:10 PM IST

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सनातन संस्कृति और राम मंदिर आंदोलन के अगुआ रहे पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि को राजधानी लखनऊ में 'हिंदू गौरव दिवस' के रूप में भव्य रूप से मनाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के, सिद्धांतों और राम मंदिर आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को नमन किया, बल्कि आगामी राजनीतिक परिदृश्य के बीच समाजवादी पार्टी की अवसरवादी राजनीति और महापुरुषों के प्रति उनके रवैये को लेकर कड़े प्रहार किए।

सपा के पीडीए पर तीखा तंज, बयानों की विश्वसनीयता पर सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी पर कभी भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सपा के लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और कब क्या बोल दें, इसका कोई ठिकाना नहीं है। सीएम ने कहा कि ये ऐसे गिद्ध हैं कि जिस पेड़ पर बैठते हैं, उसे ही सुखा डालते हैं।

सपा ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए पहले पीडीए में 'P' का मतलब पिछड़ा बताया, फिर उसे पंडित कर दिया और आने वाले समय में ये इसे पाकिस्तान भी घोषित कर सकते हैं।

मायावती ने दी श्रद्धांजलि, लेकिन सपा मुखिया रहे मौन
मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह के निधन के समय सपा के आचरण को याद दिलाते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक था कि सामान्य शिष्टाचार और संस्कार के तहत बसपा प्रमुख मायावती ने बाबूजी को श्रद्धांजलि अर्पित की, लेकिन सपा मुखिया के मुंह से संवेदना के दो शब्द भी नहीं निकले।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सारे कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ आए थे और सरकार के सभी मंत्री अंतिम संस्कार तक मौजूद रहे, लेकिन सपा का यह रवैया हर उस हिंदू का अपमान था जो सनातन मूल्यों में विश्वास रखता है।

'कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता'
श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में कल्याण सिंह की अडिग भूमिका का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी कभी दबाव में झुकने वाले नेता नहीं थे। उन्होंने सत्ता का मोह छोड़कर साफ कह दिया था कि उन्हें संघर्ष और सत्ता का जाना स्वीकार है, लेकिन प्रभु श्रीराम का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।

उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलाने से इनकार कर अपनी सरकार कुर्बान कर दी थी। आज जब अयोध्या में भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है और रामलला विराजमान हैं, तो बाबूजी का यह बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।

सपा सरकार में महापुरुषों के नाम मिटाने का आरोप
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा ने सत्ता में रहते हुए महापुरुषों का निरंतर अपमान किया। उन्होंने कहा कि कन्नौज के राजकीय मेडिकल कॉलेज से सपा सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम हटा दिया था, जिसे भाजपा सरकार ने पुनः बहाल किया। इसी तरह मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने कॉलेज का नाम भी मिटा दिया गया था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने औरैया में अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर नया मेडिकल कॉलेज स्थापित किया और बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज का नामकरण श्रद्धेय कल्याण सिंह के नाम पर किया।