
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट में हराया (Photo: PTI)
WTC Points Table 2025-27 after Australia vs Bangladesh 2nd Test Match Result: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट में हरा दिया. इस जीत का ऑस्ट्रेलिया को सीरीज और WTC पॉइंट्स टेबल दोनों में फायदा हुआ. ऑस्ट्रेलिया सीरीज को बराबरी पर खत्म करने में कामयाब रहा तो वहीं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में उसके पॉइंट पर्सेन्टेज यानी PCT बढ़ गई. बांग्लादेश पर जीत से ऑस्ट्रेलिया का फायदा तो समझ आता है. लेकिन उससे टीम इंडिया को कैसे फायदा हुआ?
दूसरे टेस्ट में AUS की जीत, भारत का फायदा कैसे?
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में पारी और 51 रन के अंतर से जो जीत दर्ज की, उसके बाद WTC पॉइंट्स टेबल के अंदर बांग्लादेश की PCT यानी पॉइंट पर्सेन्टेज में गिरावट दर्ज की गई है और यही टीम इंडिया के लिए फायदे वाली बात है. क्योंकि, अब उस अंक तालिका में बांग्लादेश को पीछे छोड़ना खुद उसके हाथ में है.
AUS vs BAN दूसरे टेस्ट के बाद WTC पॉइंट्स टेबल का हाल
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश दूसरे टेस्ट से पहले तक WTC पॉइंट्स टेबल में पहले और चौथे नंबर पर थी. ऑस्ट्रेलिया की 77.78% PCT थी और बांग्लादेश के 66.67% थी. इन दोनों टीमों के बीच साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड हैं. साउथ अफ्रीका 75 % PCT के साथ दूसरे जबकि न्यूजीलैंड 72.22% PCT के साथ तीसरे नंबर पर है. वहीं टीम इंडिया के गॉल टेस्ट जीतने के बाद 53.33% PCT है और वो 5वें स्थान पर है.
अब ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश दूसरे टेस्ट के बाद क्या हुआ वो समझिए. नंबर 1 पर बरकरार ऑस्ट्रेलिया की PCT 77.78% से बढ़कर 80% हो गई है. वहीं हार से बांग्लादेश की PCT 66.67% से घटकर 55.56% की रह गई है.
कोलंबो टेस्ट जीतो, बांग्लादेश को पीछे छोड़ो
अब टीम इंडिया ने अगर कोलंबो टेस्ट जीत लिया तो इस बात के पूरे आसार हैं कि उसकी PCT बढ़ेगी और जब ऐसा होगा तो फिर वो WTC पॉइंट्स टेबल में बांग्लादेश को पछाड़कर 5वें से चौथे नंबर पर पहुंच जाएगी. टीम इंडिया अगर कोलंबो टेस्ट जीतती है तो उसकी PCT 57.57% की हो जाएगी.
क्या है भारत के लिए WTC फाइनल खेलने का गणित?
कोलंबो टेस्ट मिलाकर भारत अगर बाकी बचे सभी टेस्ट जीतता है तो वो सीधे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंच सकता है. ऐसा नहीं भी हो और वो कोलंबो टेस्ट मिलाकर 6 मैच में जीत हासिल करता है, एक ड्रॉ खेलता है और एक मैच हार जाता है तो भी वो भी WTC Points table में दूसरे नंबर तक पहुंच सकता है. भारत को मतलब अपनी तीन टेस्ट सीरीज में सिर्फ एक ही मैच गंवाना होगा. अगर वो दो मैच भी हार गया तो फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की उम्मीदें खत्म समझिए. इसके अलावा ओवर पेनल्टी से बचना भी जरूरी होगा.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More