Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में खाकी को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. जिले के बढ़ापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (SHO) नीरज तोमर को थाने के सस्पेंड कर दिया गया है. उन्होंने पुलिस के आधिकारिक और गोपनीय सरकारी WhatsApp ग्रुप में एक महिला और पुरुष का बेहद आपत्तिजनक (अश्लील) वीडियो पोस्ट किया था. SP कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अनुशासनहीनता और पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में ये सख्त कार्रवाई की है. इसके साथ ही दोषी अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है.
जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना करीब पांच दिन पहले की है. बढ़ापुर थाना प्रभारी नीरज तोमर ने थाने के उस आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में 1 मिनट 13 सेकेंड का एक अश्लील वीडियो पोस्ट कर दिया, जिसका इस्तेमाल पुलिस अधिकारी व कर्मचारी विभागीय संचार के लिए करते हैं. अपनी गलती का अहसास होने पर थाना प्रभारी ने कुछ ही देर में वीडियो को ग्रुप से डिलीट कर दिया. हालांकि, तब तक ग्रुप में जुड़े अन्य पुलिसकर्मियों ने उस वीडियो को डाउनलोड कर लिया और उसके स्क्रीनशॉट ले लिए. ये मामला धीरे-धीरे पूरे बिजनौर पुलिस महकमे में चर्चा और गपशप का विषय बन गया, जिसके बाद मामले के स्क्रीनशॉट और जानकारी आलाधिकारियों तक पहुँच गई.
SP ने बैठाई गोपनीय जांच, सोमवार रात थाने पहुंची जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तुरंत एक्शन लिया. SP ने मामले की निष्पक्ष और गोपनीय जांच कराने के आदेश दिए. सोमवार रात जांच टीम अचानक बढ़ापुर थाने पहुंची, जहां ग्रुप में जुड़े पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए. जांच टीम ने तकनीकी तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगालने के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट एसपी को सौंप दी, जिसमें थाना प्रभारी को दोषी पाया गया.
ये भी पढ़ें: बियर पी, खाई पावर बढ़ाने की दवा हल्द्वानी के होटल में युवक की संदिग्ध मौत, साथ रुकी थी शादीशुदा महिला
औचक निरीक्षण के बाद सस्पेंड, नए थानाध्यक्ष की हुई तैनाती
बुधवार को बिजनौर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई खुद बढ़ापुर थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा महिला पुलिसकर्मियों से अलग से गोपनीय बातचीत कर फीडबैक लिया. जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने पर एसपी ने थाना प्रभारी नीरज तोमर को तुरंत निलंबित कर दिया. एसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना आचरण और घोर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निलंबन के तुरंत बाद एसपी ने बिजनौर पुलिस की सोशल मीडिया सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार को बढ़ापुर थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त कर तुरंत कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं.

अमित रस्तोगी
अमित रस्तोगी पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी पहचान वाइल्डलाइफ, एग्रोफोरेस्ट्री, हॉटिकल्चर, एनिमल हसबेंडरी फील्ड की विशेषज्ञता साथ-साथ इनवेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के तौर पर की जाती है. उन्होंने मांस के लिए ऊंट, गाय, बैलों, गधों और खच्चरों की तस्करी, स्लाटरिंग के खूनी कारोबार का पर्दाफाश किया है. उन्हें अपने काम के लिए कई सम्मान भी मिले हैं. अमित रस्तोगी ने एमआईटी कालेज औरंगाबाद से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. इसके बाद फिल्म एंव टेलीविजन संस्थान नई दिल्ली से प्रशिक्षण प्राप्त कर 2 वर्ष दूरदर्शन और 19 वर्षो तक इंडिया टीवी के लिये बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. वर्तमान में टीवी 9 नेटवर्क से जुड़े हैं.
Read More