सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का नया गाना 'छठी मैया' रिलीज हो गया है। गाने में छठ पूजा, आस्था और एक रहस्यमयी घटना की झलक देखने को मिलती है।
तमन्ना भाटिया का 'छठी मैया' गाना धमाल मचा रहा है
- Published: 10 Sep 2026, 07:05 PM IST
- Last Updated: 10 Sep 2026, 07:05 PM IST
Chhathi Maiya Song: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया जल्द ही फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में पहली बार साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही एक्साइटमेंट बनी हुई है और अब मेकर्स ने इसका नया गाना 'छठी मैया' रिलीज कर दिया है।
यह गाना छठ पूजा और आस्था के भाव से जुड़ा हुआ है। म्यूजिक वीडियो में तमन्ना भाटिया देसी अंदाज में छठ घाट पर पूजा करती आस्था में रमीं नजर आती हैं। ये पहली बार है जब बिहार का लोकप्रिय त्योहार छठ पूजा को किसी फिल्म में बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। इस गाने को विशाल मिश्रा और कंदरपा कलिता ने मिलकर तैयार किया है।
छठ पूजा के रंग में रंगा ‘छठी मैया’
करीब 3 मिनट 30 सेकंड लंबे इस गाने में तमन्ना के किरदार की आस्था को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। वीडियो की शुरुआत में सिद्धार्थ उनके विश्वास को लेकर सवाल उठाते हैं। तमन्ना का किरदार छठ पूजा में शामिल होने पर अड़ा रहता है। इसके बाद वह अन्य महिलाओं के साथ मिलकर पूरी श्रद्धा से छठ पूजा करती दिखाई देती हैं।
गाने में छठ पर्व की परंपराओं और उससे जुड़े भावनात्मक पक्ष को खूबसूरती से दिखाने की कोशिश की गई है। पूजा के दृश्यों के जरिए बिहार और खासकर पटना की सांस्कृतिक पहचान को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
तमन्ना ने कहा- पर्दे पर पहली बार दिखेगा छठ का यह रंग
गाने को लेकर तमन्ना भाटिया ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव है, क्योंकि इसके जरिए बड़े पर्दे पर पहली बार छठ पूजा और बिहार की संस्कृति को इस तरह प्रस्तुत करने का मौका मिल रहा है।
अभिनेत्री के मुताबिक, यह फिल्म बिहार और पटना के गौरव को सेलिब्रेट करने की उनकी कोशिश है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव से टीम गुजरी है, दर्शक भी गाना देखते हुए वैसा ही जुड़ाव महसूस करेंगे।
फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट
'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' एक फैंटेसी मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के अलावा सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है।
'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में फैंटेसी, रहस्य और थ्रिल के साथ भारतीय लोक आस्था और संस्कृति को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।