वायरल न्यूज़
- Authored by: कौशलेंद्र पाठक
- Updated Aug 17, 2026, 03:49 PM IST
Viral Video: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल में मिलने वाले केवल दो लड्डुओं पर एक छात्र का मजेदार भाषण सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। बच्चे ने मंच से स्कूल प्रशासन पर चुटकी लेते हुए कहा कि अगर सिस्टम नहीं बदला, तो सारे बच्चे जंतर-मंतर पर जाकर प्रोटेस्ट करेंगे।
![]()
लड्डू को लेकर बच्चे का मजेदार भाषण
Viral Video: 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) का दिन हर भारतीय के लिए बेहद खास होता है। लेकिन, स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए इस दिन का एक और सबसे बड़ा आकर्षण होता है - ध्वजारोहण के बाद मिलने वाले बूंदी या बेसन के स्वादिष्ट लड्डू। हालांकि, सालों से देश भर के अधिकांश स्कूलों में बच्चों को कागज की पुड़िया में 'केवल दो ही लड्डू' देने की परंपरा चली आ रही है। अब इसी परंपरा पर Gen Alpha ने अपने अनोखे और मजाकिया अंदाज में मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक छोटा स्कूली छात्र हाथ में माइक थामे स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करता दिख रहा है। बच्चे ने भाषण की शुरुआत तो देशभक्ति और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ की, लेकिन जल्द ही उसका रुख स्कूल प्रशासन की तरफ मुड़ गया।
बच्चे ने मजाकिया लहजे में कहा कि देश के अंदर इतना बदलाव आ गया... लेकिन इन स्कूल वालों का नियम आज तक नहीं बदला। हर साल स्वतंत्रता दिवस आता है, बच्चे सुबह-सुबह सज-धज कर आते हैं और बदले में स्कूल वाले उन्हें क्या देते हैं? सिर्फ दो लड्डू। बच्चे की इस मासूम और तीखी टिप्पणी पर सामने बैठे शिक्षकों और साथी छात्रों की हंसी छूट गई और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई। छात्र ने आगे मुस्कुराते हुए स्कूल प्रशासन को 'प्रोटेस्ट' की धमकी दे डाली। बच्चे ने कहा कि अगर सिस्टम नहीं सुधरा, तो इस बार हम सब मिलकर जंतर-मंतर पर जाएंगे और इस बार प्रोटेस्ट पढ़ाई पर नहीं, बल्कि लड्डू पर होगा। देखें वीडियो...
लड्डू को लेकर बच्चे ने बनाया माहौल
बच्चे की बातें सुनकर आप भी जरूर ठहाके लगा रहे होंगे। सोच रहे होंगे इस बालक ने तो माहौल बना दिया। आलम ये है कि सोशल मीडिया पर यह वीडियो छाया हुआ है और इस वीडियो पर लोग जमकर चटकारे ले रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि इस बच्चे ने हम सभी के बचपन की उस सबसे बड़ी मांग को आवाज दे दी, जो हम कभी बोल नहीं पाए। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि Gen Alpha सच में अलग ही लेवल पर है, अब तो स्कूल वालों को कम से कम चार लड्डू कर ही देने चाहिए। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
![]()
कौशलेंद्र पाठकauthor
कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।
और पढ़ें
- Hindi News
- Viral
End of Article