FlyDubai के भारतीय कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की कहानी अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. उनकी मुश्किल घड़ी और हौसले से प्रभावित होकर इजरायल के एक सिंगर ने उन्हें अपने खास अंदाज में तोहफा दिया है. इजरायली सिंगर बेन रैविट्ज ने कैप्टन स्मित मछार को समर्पित करते हुए हनुमान चालीसा गाई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया तो भारत और इजरायल के लोगों ने इसे खूब पसंद किया.
कैप्टन ने मुश्किल वक्त में पढ़ी थी हनुमान चालीसा
फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के दौरान कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की पूरी दुनिया में चर्चा है. कैसे मुश्किल परिस्थिति में कैप्टन मछार ने खुद को संभाला और विमान को सुरक्षित रखने की कोशिश जारी रखी.
सम्बंधित ख़बरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन मछार ने बताया था कि उस समय वह बार-बार हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे. उनके मुताबिक, इससे उन्हें मुश्किल हालात में हिम्मत और मानसिक मजबूती मिली.
यही बात इजरायली सिंगर बेन रैविट्ज तक भी पहुंची. उन्होंने कैप्टन की कहानी को सिर्फ एक विमान हादसे या आपात स्थिति की खबर के तौर पर नहीं देखा, बल्कि उनके विश्वास और हौसले से जुड़ी कहानी के रूप में लिया.
इजरायली सिंगर ने क्यों गाई हनुमान चालीसा?
बेन रैविट्ज़ भारतीय शास्त्रीय और आध्यात्मिक संगीत में दिलचस्पी रखते हैं. वह सोशल मीडिया पर भारतीय भक्ति और शास्त्रीय संगीत से जुड़े गीतों की अपनी प्रस्तुतियां भी शेयर करते रहे हैं.
कैप्टन मछार की कहानी सामने आने के बाद उन्होंने हनुमान चालीसा की अपनी प्रस्तुति रिकॉर्ड की और इसे फ्लाईदुबई के इस भारतीय कैप्टन को समर्पित किया. उनके इस अंदाज को कैप्टन के प्रति सम्मान और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना के तौर पर देखा जा रहा है.
देखें वीडियो
इस वीडियो की खास बात यह है कि इसमें एक भारतीय धार्मिक रचना को एक इजरायली कलाकार अपनी आवाज में प्रस्तुत कर रहा है. यही वजह है कि वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा.
यह भी पढ़ें: 'मुझे हनुमान जी ने बचाया', स्मित मछार की PM मोदी से बातचीत में भगवद गीता का भी जिक्र
लोगों ने क्या कहा
यूजर्स ने लिखा कि एक इंसान के साहस से निकली कहानी दूसरे देश के व्यक्ति को भी प्रेरित कर सकती है. वहीं, कई लोगों ने हनुमान चालीसा की प्रस्तुति की तारीफ करते हुए इसे भावुक कर देने वाला बताया.
एक यूजर ने लिखा कि अच्छे काम की सकारात्मकता आगे बढ़ती रहती है. वहीं दूसरे ने सिंगर की आवाज की तारीफ करते हुए कहा कि प्रस्तुति सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं.
यह भी पढ़ें: 33 हजार फीट पर संकट में भी कैसे संभाला खुद को? स्मित मछार की ये बात देती है जवाब
कौन हैं बेन रैविट्ज?
बेन रैविट्ज़ किसी बड़े मुख्यधारा के पॉप स्टार के तौर पर मशहूर नहीं हैं. उनकी खास पहचान भारतीय संगीत और आध्यात्मिक रचनाओं में उनकी दिलचस्पी को लेकर है. वह भारतीय शास्त्रीय और भक्ति संगीत की अपनी प्रस्तुतियां ऑनलाइन शेयर करते हैं.
इसलिए कैप्टन स्मित मछार के लिए हनुमान चालीसा गाना अचानक लिया गया कोई सामान्य फैसला नहीं लगता. भारतीय संगीत के प्रति उनकी पहले से मौजूद रुचि और कैप्टन की कहानी ने इस प्रस्तुति को एक अलग मायने दे दिए.
कैप्टन मछार के लिए हनुमान चालीसा मुश्किल वक्त में हिम्मत का सहारा बनी थी. अब हजारों किलोमीटर दूर बैठे एक इजरायली सिंगर ने उसी हनुमान चालीसा के जरिए उनके प्रति सम्मान जताया है. यही वजह है कि यह वीडियो सिर्फ एक संगीत प्रस्तुति नहीं, बल्कि अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के बीच जुड़ाव की कहानी भी बन गया है.
---- समाप्त ----