July 31, 2026

शिक्षिका ने दो सगे भाइयों को पीटा, VIDEO: 4 साल के छात्र की आंख में पेंसिल घोंपने का आरोप, फिरोजाबाद में 4 पर FIR - Firozabad News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Firozabad
  • Firozabad School Teacher Accused Of Eye Injury To Student & Assault

अरुण कुमार रावत | फिरोजाबाद30 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

फिरोजाबाद के मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में दो सगे भाइयों के साथ कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। चार वर्षीय छात्र की आंख में शिक्षिका द्वारा पेंसिल घोंपने और दूसरे छात्र की पिटाई कर कान में गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा अनमोल मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी का छात्र है। आरोप है कि 6 जुलाई को कक्षा के दौरान शिक्षिका काजल ने उसकी आंख में पेंसिल मार दी, जिससे उसकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजन बच्चे को पहले स्थानीय अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे नई दिल्ली स्थित एम्स रेफर किया गया, जहां 12 जुलाई को उसकी आंख का ऑपरेशन हुआ। शिकायत में स्कूल मैनेजर विश्वनाथ शर्मा पर भी बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

बड़े भाई की पिटाई, कान से बहने लगा खून

मनोज कुमार का कहना है कि छोटे बेटे का इलाज कराकर लौटने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनके पांच वर्षीय बड़े बेटे आर्यन के साथ भी स्कूल में मारपीट की गई थी। आरोप है कि शिक्षिका योगेंद्री ने आर्यन की पिटाई की, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। इसके बाद परिजनों ने दोनों घटनाओं को लेकर स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा।

सीसीटीवी फुटेज मांगी तो कहा- डिलीट हो गई

पीड़ित पिता का आरोप है कि उन्होंने घटना की सच्चाई जानने के लिए स्कूल प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन प्रबंधन ने फुटेज डिलीट होने की बात कह दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल निदेशक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं पर मुकदमा

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना उत्तर पुलिस ने स्कूल निदेशक, मैनेजर विश्वनाथ शर्मा तथा शिक्षिकाओं काजल और योगेंद्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

सीओ बोले- मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट मंगाई गई है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

.