Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क स्थित GNIOT कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे और डंडों से हमला करने लगे. कॉलेज गेट के बाहर सड़क पर काफी देर तक हंगामा होता रहा. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में कई छात्र दो गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है. कुछ छात्र एक-दूसरे को सड़क पर गिराकर पीटते नजर आए, जबकि कुछ अन्य छात्र हाथों में डंडे लेकर हमला करते दिख रहे हैं. मारपीट के दौरान कॉलेज गेट के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के समय सड़क से गुजर रहे लोग भी कुछ देर के लिए रुक गए. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
मामूली कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, छात्रों के दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मारपीट में कितने छात्र शामिल थे, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. यह पूरा मामला थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र का बताया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
वीडियो के आधार पर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और घटना में कौन-कौन छात्र शामिल थे. कॉलेज प्रशासन से भी मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा सकती है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है. कॉलेज के बाहर छात्रों के बीच हुई इस तरह की मारपीट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

नदीम सैफी
नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.
Read More