सोनीपत के बीपीएस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 15 अगस्त की रात करीब आधे घंटे के अंतराल में दो MBBS ट्रेनी डॉक्टर्स से छेड़छाड़ की घटना के बाद कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। जिस रास्ते पर दोनों घटनाएं हुईं, उसकी एक्सक्लूसिव
.
छात्राओं के अनुसार, वारदात के समय रास्ते पर न तो पर्याप्त रोशनी थी और न ही कोई सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती। रास्ते में घना अंधेरा था। इसी अंधेरे और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर आरोपी ने 30 मिनट में दो बार छेड़छाड़ की। पहली घटना में तो आरोपी अचानक पीछे से आया और छात्रा का मुंह दबा लिया। इस दौरान हाथापाई भी हुई, जिससे उसकी गर्दन पर खरोंच आ गई। छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया।
इसके अलावा छात्राओं ने मेडिकल वार्डों की वे वीडियो भी शेयर की हैं, जिनमें दूर-दूर तक कोई भी गार्ड नहीं दिखाई दे रहा। हालांकि, घटना के बाद प्रशासन ने अब संबंधित रास्ते पर लाइट और CCTV कैमरे लगवाए हैं। मगर, सिक्योरिटी गार्ड की कमी बताते हुए वैकेंसी की गेंद सरकार के पाले में डाल दी है।
वारदात वाली जगह पर दिन और रात में हालात, PHOTOS

इसी अंधेरे और सुनसान रास्ते पर आधे घंटे में दो MBBS इंटर्न से छेड़छाड़ हुई।

ये वीडियो सोमवार का है, जहां मेडिकल के ज्यादातर वार्ड में गार्ड नहीं मिला।
वारदात स्थल की वीडियो में क्या, सिलसिलेवार जानिए…
- हॉस्टल से लाइब्रेरी जाने वाला 100 मीटर का रास्ता: एक MBBS ट्रेनी डॉक्टर ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि इंटर्न हॉस्टल से दाईं तरफ लाइब्रेरी जाने का रास्ता है। इसी रास्ते से ट्रेनी डॉक्टर मेडिकल की ओर आते-जाते हैं। हॉस्टल के पीछे की तरफ एक दरवाजा है और उसके पास ही कंस्ट्रक्शन साइट का काम चल रहा है। हॉस्टल से लाइब्रेरी तक करीब 100 मीटर का यह रास्ता रात के समय काफी सुनसान रहता है।
- रात 10:30 बजे चाय लेकर लौट रही थी इंटर्न: इंटर्न डॉक्टर के अनुसार, पहली घटना 15 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे हुई। एक इंटर्न अपनी ड्यूटी खत्म कर हाथ में चाय लेकर हॉस्टल की तरफ लौट रही थी। इस समय रास्ते पर काफी अंधेरा था। छात्रा के मुताबिक, आसपास कोई सिक्योरिटी गार्ड नजर नहीं आ रहा था और रास्ते पर लाइट भी नहीं थी। इसी दौरान आरोपी दीपक पहले से रास्ते में वहां खड़ा हुआ मिला।
- पीछा कर मुंह दबाया, शोर मचाने पर भागा: छात्रा के अनुसार, हॉस्टल की तरफ जाते समय आरोपी ने उसका पीछा किया और अचानक उसे पकड़कर मुंह दबा दिया। इस दौरान हाथापाई भी हुई और उसकी गर्दन पर खरोंच आई। छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया। घटना के बाद वह डरी-सहमी हॉस्टल पहुंची और अपनी सहेलियों को पूरी बात बताई।

कॉलेज की एक छात्रा ने वीडियो शेयर कर कॉलेज प्रशासन पर कई आरोप लगाए।
आधे घंटे बाद दूसरी घटना में क्या हुआ
- हॉस्टल जा रही दूसरी इंटर्न को बनाया निशाना: छात्राओं के मुताबिक, पहली घटना के बाद मामला यहीं नहीं रुका। करीब 11 बजे दूसरी ट्रेनी डॉक्टर भी लाइब्रेरी से हॉस्टल की तरफ जा रही थी। आरोप है कि आरोपी दीपक ने उसका पीछा किया और हॉस्टल के पास पहुंचने से पहले पीछे से पकड़ लिया।
- मुंह और गला दबाया, शोर मचाने पर भागा : छात्रा के अनुसार, आरोपी ने उसका मुंह और गला दबाया तथा उसके साथ अश्लील हरकत की। युवती ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद छात्राओं में सुरक्षा को लेकर डर और आक्रोश बढ़ गया।

घटना के बाद कैंपस में इकट्ठा हुईं छात्राएं।
कॉलेज छात्राओं के आरोपों पर एडमिनिस्ट्रेशन का जवाब
- घटना के अगले दिन तक भी सुरक्षा नहीं : छात्राओं का दावा है कि 15 अगस्त की रात दो इंटर्न डॉक्टरों के साथ घटना होने के बाद भी अगले दिन तक कैंपस के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आया। छात्राओं ने कैंपस के अलग-अलग हिस्सों के वीडियो बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
- कैफेटेरिया रोड से वार्ड तक गार्ड नहीं : छात्राओं ने वार्ड नंबर 11 और 16 सहित अस्पताल के कई हिस्सों के वीडियो भी साझा किए। इसमें चौथी और पांचवीं मंजिल, ऑपरेशन थिएटर, ऑर्थो वार्ड और वार्ड नंबर 18 मेडिसिन में भी सुरक्षा कर्मी नजर नहीं आए। छठी मंजिल के वार्ड नंबर 10 को लेकर भी छात्राओं ने इसी तरह की स्थिति का दावा किया है।
- डायरेक्टर बोले- लाइट, CCTV और बैरियर लगाए : मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर जगदीश चंद्र दुरेजा ने कहा कि छेड़खानी की घटना के बाद छात्राओं ने लाइट, CCTV कैमरे और बैरियर लगाने की मांग की थी। उनकी मांग के अनुसार ये सभी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।
- मेडिकल में 175 गार्ड, जरूरत 275 की : डायरेक्टर जगदीश चंद्र दुरेजा के अनुसार, मेडिकल कॉलेज में फिलहाल 175 सिक्योरिटी गार्ड कार्यरत हैं, जबकि कुल 275 गार्ड की आवश्यकता है। उन्होंने करीब 80 गार्ड की रिटायरमेंट से संबंधित प्रक्रिया प्रशासन को भेजे जाने की भी बात कही। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से जो भी आदेश मिलेंगे, उनके आधार पर आगे सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

------------------------
ये खबर भी पढ़ें…
खानपुर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर्स से छेड़छाड़:आधे घंटे में 2 घटनाएं, मजदूर ने प्राइवेट पार्ट्स छुए, डायरेक्टर बोले- हमारे पास गार्ड्स की शॉर्टेज

सोनीपत के खानपुर कलां स्थित बीपीएस गवनर्मेंट मेडिकल कॉलेज में रात के अंधेरे में आधे घंटे के भीतर दो MBBS इंटर्न डॉक्टरों से मजदूरी करने आए एक युवक ने छेड़छाड़ की। एक इंटर्न का मुंह दबाकर हाथापाई की गई, जबकि दूसरी का गला दबाकर उसके प्राइवेट पार्ट्स छूने का आरोप है। दोनों घटनाओं के विरोध में छात्राओं ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें)