पंचकूला में शुक्रवार तड़के दो महिलाओं से तीन बदमाशों ने लूटपाट की। पीछे से दौड़कर आए बदमाशों ने दोनों महिलाओं का मुंह दबाकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया और कानों से बालियां व गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
.
तीनों ने चेहरे रूमाल से ढक रखे थे। महिलाओं ने छेड़छाड के भी आरोप लगाए। पूरी वारदात करीब 15 सेकेंड में हुई। घटना के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई।

पंचकूला में सकेतड़ी-केंबवाला रोड पर सुबह सैर के लिए जातीं महिलाएं।

महिलाओं के पीछे से भागकर आए बदमाश।

महिलाओं का मुंह दबोचकर बदमाशों ने उन्हें सड़क पर गिरा दिया।
अब जानिए महिलाओं ने क्या शिकायत दी…
सुबह सवा 4 बजे दूध लेने जा रही थीं
सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी शिकायत में सकेतड़ी निवासी दो महिलाओं ने बताया कि 21 अगस्त की सुबह करीब 4:15 बजे वे दोनों महादेवपुर की ओर दूध लेने जा रही थीं। इसी दौरान कपड़े से चेहरा ढके तीन अज्ञात युवकों ने पीछे से उन्हें पकड़कर सड़क पर गिरा दिया। आरोपियों ने जबरदस्ती उनके कानों और गले से आभूषण छीन लिए।
अभद्र व्यवहार और गाली गलौज की
शिकायत के मुताबिक, एक के 3 कानों के झुमके और दूसरी के 2 कानों के झुमके छीने गए। आभूषण खींचने के दौरान दोनों के कान बुरी तरह फट गए और खून निकलने लगा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनके साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज भी की। घटना की जानकारी मिलने पर एक महिला के पति मौके पर पहुंचे और 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों महिलाओं को सेक्टर-6 अस्पताल, पंचकूला ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

महिलाओं से बालियां लूटने के बाद फरार होते बदमाश।
अब पढ़िए, VIDEO में क्या दिख रहा…
घटना से जुड़ा 24 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दोनों महिलाएं एक साथ सड़क के बीचोबीच चलती नजर आ रही हैं। जैसे ही वह टहलते हुए कुछ आगे बढ़ती हैं, तभी अचानक पीछे से 2 बदमाश आकर उन्हें दबोच लेते हैं। दोनों मिलकर महिलाओं को नीचे गिरा देते हैं।
इसी दौरान एक अन्य बदमाश भी दौड़ते हुए वहां आ जाता है। महिला के ऊपर बैठकर उनकी बालियां निकालने लगता है। तभी एक महिला उठकर खड़ी हो जाती है और बदमाश को भगाने का प्रयास करने लगती है। कुछ ही सेकेंड में तीनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग जाते हैं।
DCP बोले- आरोपियों की तलाश कर रहे
डीसीपी क्राइम आईटीएस अमरिंद्र सिंह ने बताया कि एक महिला के साथ लूट हुई है। आरोपियों ने महिला के कान की बालियां और सोने की चेन भी लूट ली। आरोपियों की तलाश की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी उनकी पहचान कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।