August 14, 2026

हाजिरी लगाने के लिए छत पर चढ़े गुरुजी, छतरपुर में ई-अटेंडेंस बनी मुसीबत; Video वायरल

Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में ई-अटेंडेंस व्यवस्था शिक्षकों के लिए परेशानी का कारण बनती नजर आ रही है. ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण शिक्षक समय पर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं कर पा रहे हैं. सामने आए एक वीडियो में शिक्षक नेटवर्क पकड़ने के लिए स्कूल की छत पर चढ़कर ई-अटेंडेंस लगाते दिखाई दे रहे हैं.

नेटवर्क के लिए छत पर चढ़े शिक्षक

बताया जा रहा है कि यह वीडियो छतरपुर के जनशिक्षा केंद्र टटम क्षेत्र का है. वीडियो में कुछ शिक्षक स्कूल की छत पर खड़े होकर मोबाइल में ई-अटेंडेंस लगाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. शिक्षकों के मुताबिक, स्कूल परिसर में मोबाइल नेटवर्क ठीक से नहीं आता. ऐसे में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में परेशानी होती है.

ये भी पढ़ें- पेड़ों की कटाई पर हाई कोर्ट का अनूठा फैसला, याचिककर्ताओं को ही 25-25 पेड़ लगाने का आदेश

शिक्षकों को कई बार मोबाइल लेकर स्कूल से बाहर या किसी ऊंची जगह पर जाना पड़ता है. नेटवर्क मिलने के बाद ही वे अपनी हाजिरी दर्ज कर पाते हैं. इसी समस्या के चलते स्कूल की छत नेटवर्क तलाशने का एक विकल्प बन गई है.

समय पर हाजिरी नहीं लगी तो वेतन कटने का डर

शिक्षकों का कहना है कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था में तय समय पर हाजिरी दर्ज करना जरूरी है, लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण अगर समय पर अटेंडेंस नहीं लग पाती है तो उन्हें वेतन कटने की चिंता सताती है. ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्कूल ऐसे हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क काफी कमजोर है. ऐसे में शिक्षक अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ हाजिरी दर्ज करने के लिए भी परेशान हो रहे हैं. उनका कहना है कि नेटवर्क की समस्या उनकी गलती नहीं है, लेकिन इसका असर उनकी नौकरी और वेतन पर पड़ने का डर बना रहता है.

डिजिटल व्यवस्था के साथ नेटवर्क भी जरूरी

शिक्षकों का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू करना अच्छी पहल है, लेकिन इसके लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध होनी चाहिए. ग्रामीण स्कूलों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या दूर किए बिना ई-अटेंडेंस लागू करने से शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शिक्षकों ने मांग की है कि जिन स्कूलों में नेटवर्क की समस्या है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था की जाए. इसके साथ ही मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी को बेहतर किया जाए, ताकि शिक्षकों को हाजिरी लगाने के लिए स्कूल की छत या दूसरी जगहों पर न जाना पड़े.

वीडियो सामने आने के बाद व्यवस्था पर सवाल

छतरपुर के टटम क्षेत्र से सामने आए इस वीडियो ने ग्रामीण स्कूलों में डिजिटल व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. शिक्षकों का कहना है कि तकनीक के जरिए व्यवस्था को बेहतर बनाना जरूरी है, लेकिन नेटवर्क जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान भी उतना ही जरूरी है.

पवन बिदुआ

पवन बिदुआ

पवन बिदुआ की पत्रकारिता की यात्रा वर्ष 2018 में छतरपुर के वी न्यूज़ केबल नेटवर्क से शुरू हुई. इसके बाद पवन ने इंडिया न्यूज़ नेशनल और एमपी–सीजी में जिला ब्यूरो के रूप में लगातार जिम्मेदारियां निभाईं. कोविड काल की संवेदनशील और जोखिमपूर्ण रिपोर्टिंग को जमीनी स्तर पर कवर किया. शिक्षा के रूप में पवन बिदुआ ने डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से BJMC और पं. मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय से LLB पूरी की है.

Read More

google button