वायरल न्यूज़
- Authored by: कौशलेंद्र पाठक
- Updated Aug 14, 2026, 10:10 AM IST
Viral Video: तेलंगाना में भारी बारिश के कारण मुख्य सड़कों और रास्तों का संपर्क पूरी तरह टूट गया। 7 महीने की गर्भवती महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन गाड़ी जाने का रास्ता नहीं था। ऐसे में ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए एक स्ट्रेचर बनाया और महिला को उस पर बिठा कर हॉस्पिटल ले गए।
![]()
गर्भवती महिला के लिए देवदूत बने ग्रामीण
Viral Video: कुदरत का कहर जब टूटता है, तो आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाता है। लेकिन, ऐसे मुश्किल वक्त में इंसानियत और ग्रामीणों का साहस अक्सर एक मिसाल बन जाता है। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला और दिल को छू लेने वाला मामला तेलंगाना (Telangana) के कोमाराम भीम आसिफाबाद जिले से सामने आया है, जहां भारी बारिश के चलते गांव का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया। ऐसे में ग्रामीणों ने एक गर्भवती महिला को स्ट्रेचर पर बिठाकर नदी को क्रॉस करते हुए हॉस्पिटल पहुंचाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कोमाराम भीम आसिफाबाद जिले में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। रास्ते बह जाने और बाढ़ का पानी भर जाने से कई गांव मुख्य शहरों से कट चुके हैं। इसी बीच गांव की एक 7 महीने की गर्भवती महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आपातकालीन स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी था, लेकिन सड़क संपर्क कट जाने के कारण एम्बुलेंस या कोई अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच सकता था। महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने एक पल भी गंवाए बिना हिम्मत दिखाई। उन्होंने लकड़ी और कपड़े की मदद से एक स्ट्रेचर तैयार किया। महिला को उस पर सुरक्षित बैठाया गया और फिर गांव के युवाओं व पुरुषों ने उसे अपने कंधों पर उठा लिया। सामने उफनती हुई नदी और तेज बहाव वाला पानी था, जरा सी चूक और बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन, ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना उस उफनते पानी को पार किया और महिला को सुरक्षित दूसरे किनारे तक पहुंचाया, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया। देखें वीडियो...
जज्बे की हो रही तारीफ
पानी के बीच से गुजरते इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पानी का बहाव कितना तेज है और ग्रामीण किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर एक गर्भवती महिला की जान बचाने में जुटे हुए हैं। जिसने भी यह नजारा देखा वो दंग रह गया। इतना ही नहीं यूजर्स ग्रामीणों की हिम्मत और इस जज्बे की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ, यह घटना दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं और आपदा प्रबंधन के दावों पर भी कई सवाल खड़े करती है।
![]()
कौशलेंद्र पाठकauthor
कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।
और पढ़ें
- Hindi News
- Viral
End of Article