Published: Monday, July 27, 2026, 10:05 [IST]
Vada Pav Girl Chandrika Dixit: 'वड़ा पाव गर्ल' चंद्रिका दीक्षित एक बार फिर सुर्खियों में छाई हुई हैं लेकिल इस बार वजह उनका खुद का वायरल वीडियो नहीं बल्कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का एक फर्जी वीडियो है। दरअसल हाल ही केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) का एक डीपफेक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत कर रहे थे लेकिन इसमें उनकी बातचीत को AI के जरिए तोड़-मरोड़कर और गलत तरीके से दिखाया गया है।
वड़ा पाव गर्ल ने शेयर किया पीयूष गोयल का फर्जी वीडियो
जानकारी के अनुसार पीयूष गोयल ने तुरंत ही इस डीपफेक वीडियो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी और सारे सोशल मीडिया लिंक्स हटा लिए गए हैं लेकिन इस बीच 'वडा पाव गर्ल' चंद्रिका दीक्षित ने पीयूष गोयल के उसी डीपफेक वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया है। साथ ही पीयूष गोयल को बिना सोचे-समझे जमकर खरी-खोटी भी सुना दी है।
डीपफेक वीडियो पर पीयूष गोयल ने FIR करवाई दर्ज
वड़ा पाव गर्ल की इसी हरकत पर लोग अब भड़क गए हैं और उनके खिलाफ एक्शन की मांग कर रहे हैं। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर सामने आए डीपफेक वीडयो में संसद परिसर के बाहर पीयूष गोयल को नीट पेपर लीक मामले में छात्रों के प्रदर्शन पर धमकी भरा बयान देते हुए दिखाया गया है। इस पर पीयूष गोयल ने कड़ा संज्ञान लेते हुए न सिर्फ एफआईआर दर्ज करवाई है बल्कि X हैंडल पर पोस्ट कर इसके बारे में जानकारी भी दी है।
कैसे वायरल हुआ पीयूष गोयल का डीपफेक वीडियो?
-पीयूष गोयल ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा है- संसद के बाहर मीडिया से मेरी बातचीत की वीडियो को AI की मदद से उसमें छेड़छाड़ कर एक डीपफेक वीडियो तैयार कर, उसे गलत जानकारी फैलाने के उद्देश्य से इंटरनेट पर प्रसारित किया जा रहा है। मैंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।
-केंद्रीय मंत्री ने बताया कि गत 25 जुलाई 2026 को सुबह 4:35 बजे, दिल्ली के चाणक्यपुरी पुलिस स्टेशन में FIR (No. 123/26) शिकायत दर्ज कर ली गई है। इस फर्जी वीडियो को बनाने, प्रसारित करने या जानबूझकर बढ़ावा देने वाले हर शख्स के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
'ऐसा गंदी हरकत किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं'
पीयूष गोयल ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा है- जनता को गुमराह करने के लिए AI का इस प्रकार का गैर-जिम्मेदाराना और दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक या सच्चे सूत्रों पर ही भरोसा करें। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भारत के जागरूक और तकनीक-समझ रखने वाले नागरिक, विशेषकर हमारे युवा, ऐसे फेक और AI-जेनरेटेड गलत जानकारी का शिकार नहीं बनेंगे।
'वड़ा पाव गर्ल' केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पर भड़कीं
-हालांकि इस मामले में वड़ा पाव गर्ल ने पीयूष गोयल के डीपफेक वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने मंत्री का पूरा फर्जी बयान सुनवाया और फिर खुद उन पर भड़ास निकाली। चंद्रिका दीक्षित ने अपने वीडियो में कहा है- पीयूष जी, आप मंत्री हैं। आपको इतनी समझ तो है कि आप क्या बयान दे रहे हैं और क्या बयान नहीं दे रहे हैं।
-चंद्रिका दीक्षित ने आगे कहा- आपने तो इस आंदोलन को एक अलग ही दिशा दे दी है। आप कह रहे हैं कि चार-पांच लोगों को खुलेआम लटका देना चाहिए ताकि बाकी लोग समझ जाएं कि दोबारा ऐसी गलती न हो। जो हर तीसरे दिन हमारे देश में जो एक नया अपराध खड़ा हो जाता है।
-वड़ा पाव गर्ल ने आगे कहा- इस देश में 2 साल की बच्ची से लेकर 30 साल की औरत तक को नहीं छोड़ा जाता। गुंडागर्दी हो जाती है या खुले में मार दिया जाता है, तो उसके लिए भी क्या हम लोगों को ये नहीं करना चाहिए कि मुजरिमों को खुले में लटका दिया जाना चाहिए? क्यों बूढ़े मां-बाप फाइलें लेकर कोर्ट-थाने के चक्कर काटते रहते हैं? तब आप लोग ये नहीं कह सकते कि खुले में लटका दिया जाए? हिंसा आप फैला रहे हैं और इल्जाम बच्चों पर डाल रहे हैं।
'वड़ा पाव गर्ल' पर भड़के लोग, गिरफ्तारी की हुई मांग
वड़ा पाव गर्ल के इसी वीडियो को देख लोग भड़क गए हैं और सोशल मीडिया पर खरी-खोटी सुना रहे हैं। कुछ ने तो चंद्रिका दीक्षित का ये वीडियो एक्स हैंडल पर दिल्ली पुलिस को टैग भी कर दिया है और कहा है कि चंद्रिका दीक्षित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए क्योंकि उन्होंने पीयूष गोयल का फर्जी वीडियो शेयर किया है। वहीं कुछ ने चंद्रिका दीक्षित को जेल भेजने की मांग भी की है।