September 3, 2026

UPT20 League: भुवनेश्वर कुमार की लहराती गेंदों ने दहलाया, रिंकू की टीम ने 36 रन पर गंवाए 7 विकेट

UPT20 League: भुवनेश्वर कुमार की लहराती गेंदों ने दहलाया, रिंकू की टीम ने 36 रन पर गंवाए 7 विकेट

भुवनेश्वर कुमार अभी भी बल्लेबाजों के लिए बन रहे आफत (File Photo)Image Credit source: PTI

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम इंडिया में फिर से जगह देने की मांग फैंस लगातार कर रहे हैं. खास तौर पर साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए उन्हें जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजी अटैक का प्रमुख हिस्सा बनाने पर जोर दिया जा रहा है. ऐसा होने की संभावना तो कम ही नजर आ रही है लेकिन भुवनेश्वर लगातार दिखा रहे हैं कि क्यों फैंस उनके लिए ऐसी अपील कर रहे हैं. IPL में अपना जलवा दिखाने के बाद भुवनेश्वर UPT20 लीग में भी कहर बरपा रहे हैं. रिंकू सिंह की टीम का तो उन्होंने ऐसा हाल किया कि 36 रन पर ही 7 विकेट गिर गए.

भुवनेश्वर के कहर से कांपे बल्लेबाज

लखनऊ फालकन्स और मेरठ मैवरिक्स के बीच गुरुवार 3 सितंबर को खेला गए मैच में भुवनेश्वर कुमार ने अपना कहर बरपाया. मूल रूप से मेरठ के रहने वाले लेकिन टूर्नामेंट में लखनऊ की कप्तानी कर रहे भुवनेश्वर ने अपनी होम टीम के बल्लेबाजों को हवा भी नहीं लगने दी. इसकी शुरुआत उन्होंने पहले ओवर से ही कर दी थी, जब पांचवीं और छठी गेंदों पर उन्होंने 2 विकेट झटकते हुए मेरठ के पतन की शुरुआत की.

इसके बाद भुवनेश्वर ने अपने अगले दो ओवर में भी 1-1 विकेट झटकते हुए मेरठ मैवरिक्स की हालत पतली कर दी. देखते ही देखते सिर्फ 36 रन पर ही मेरठ के 7 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. इसमें से 4 विकेट तो अकेले लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर ने ही झटके. अपने 4 ओवर के स्पैल में भुवी ने सिर्फ 10 रन खर्चे और ये 4 शिकार किए. मेरठ का 50 रन तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा था. मगर कप्तान रिंकू सिंह और नौवें नंबर के बल्लेबाज जीशान अंसारी ने पारी को संभाला.

100 रन भी नहीं बना सकी मेरठ

हालांकि इन दोनों की पारी और साझेदारी मेरठ को हार से बचाने के लिए काफी नहीं थी क्योंकि पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 98 रन तक ही पहुंच सकी, जबकि उसके सामने जीत के लिए 146 रन का लक्ष्य था. लखनऊ भी इस स्कोर तक सिर्फ एक बल्लेबाज की दमदार पारी की मदद से पहुंच सकी. उसके लिए ओपनर हिमांशु सिंह ने 45 गेंदों में 61 रन बनाए.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button