August 15, 2026

UP Weather Today: स्वतंत्रता दिवस पर 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, झांसी-ललितपुर समेत इन इलाकों में बिगड़ेगा मौसम

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगर आप स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने या कहीं बाहर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देख लें।

इन 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

पश्चिमी यूपी में ज्यादा असर

15 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा ज्यादा व्यापक रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने के आसार हैं।

यानी पूरे प्रदेश में मौसम एक जैसा नहीं रहेगा। कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में हल्की बारिश के बाद अचानक मौसम बदल सकता है।

4 दिन में 5-7 डिग्री गिरेगा तापमान

लगातार हो रही बारिश से यूपी के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

18 अगस्त तक बारिश का दौर

मौसम में यह बदलाव उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मानसूनी द्रोणी के सक्रिय होने की वजह से देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी के अलग-अलग हिस्सों में 18 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

ये भी पढ़ें: MP Independence Day 2026 Parade Live: भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में CM मोहन यादव ने फहराया तिरंगा

बारिश और बिजली से रहें सावधान

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के बीच बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। बारिश या बिजली चमकने के दौरान बच्चों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और तारों से दूर रखें।

जलभराव वाली सड़कों, नदियों और तालाबों के पास जाने से बचें। वाहन चलाते समय भी सावधानी बरतें, क्योंकि बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं। निचले और बाढ़ संभावित इलाकों में जाने से भी बचना बेहतर रहेगा। 

ये भी पढ़ें:  Breaking News Live Update 15 August 80th Independence Day: 1 करोड़ युवाओं को AI स्किल की ट्रेनिंग, छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग भी शुरू होगी, PM मोदी का ऐलान