
सोमवार को बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स का UPESSC ऑफिस के बाहर हुआ था जुटान
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने 26 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (UP TET) 2026 का रिजल्ट जारी किया था. इसमें 13 लाख से अधिक कैंडिडेट्स सफल हुए हैं, जबकि 17 लाख से अधिक कैंडिडेट्स 2 से 4 जुलाई तक आयोजित हुए UP TET 2026 में शामिल हुए थे. UPESSC की तरफ से साझा किए डेटा के अनुसार UP TET पेपर 1 में 5,71,435 और पेपर 2 में 7,59,513 कैंडिडेट्स पास हुए हैं. रिजल्ट जारी होने के बाद UPESSC का विरोध शुरू हो गया है. UP TET 2026 में शामिल हुए कैंडिडेट्स UPESSC के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और अपना रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं. सोमवार को प्रयागराज में ऐसे कैंडिडेट्स का जुटान हुआ था, जिन्होंने प्रदर्शन जारी करते हुए अपना UP TET रिजल्ट जारी करने की मांग की थी.
आइए, जानते हैं कि आखिर क्यों UP TET रिजल्ट जारी करने के बाद रिजल्ट जारी करने की मांग को लेकर कैंडिडेट्स प्रदर्शन कर रहे हैं. जानते हैं कि प्रदर्शनकारी कैंडिडेट्स का रिजल्ट किस वजह से रोका गया. साथ ही जानते हैं कि क्या उनकी मांगों पर विचार किया जा सकता है या नहीं.
OMR में गलती की वजह से आवेदन ही निरस्त हुए
असल में UPESSC ने बीते दिनों बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स के आवेदन निरस्त किए हैं. UPESSC ने एग्जाम की OMR शीट में गड़बड़ी के बाद कैंडिडेट्स के आवेदन निरस्त किए हैं. एक आंकड़े के अनुसार 60 हजार से अधिक आवेदन निरस्त किए गए हैं, जिसमें 50 हजार आवेदन UP TET 2026 के निरस्त किए गए हैं. यानी UP TET का एग्जाम में आई OMR शीट भरने में हुई गड़बड़ी के कारण कैंडिडेट्स के आवेदन निरस्त किए गए हैं. ऐसे कैंडिडेट्स का रिजल्ट एग्जाम देने के बाद भी जारी नहीं किया गया है.
OMR शीट में इन गलती की वजह से आवेदन हुआ निरस्त
UPESSC ने बीते दिनों बताया था कि OMR शीट में रोल नंबर भरने में हुई गलती समेत भाषा विकल्प या अनिवार्य कॉलम में गोले गलत भरने के कारण आवेदन निरस्त किए गए हैं. इसके साथ ही ऊपर या नीचे या गोले खाली छोड़ने की वजह से आवेदन निरस्त किए गए हैं. असल में इस साल UPESSC ने कंप्यूटर साफ्टवेयर के माध्यम से OMR शीटों का मूल्यांकन किया था. जिस कारण बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त हुए हैं.
क्या कैंडिडेट्स का तर्क और मांगें
UP TET आवेदन निरस्त हुए प्रभावित कैंडिडेट्स का तर्क है कि रोल नंबर समेत जानकारियां तो सही भरी गई हैं, लेकिन गोले भरने में मामूली से गलती हुई है. इस वजह से आवेदन निरस्त करना ठीक नहीं है. कैंडिडेट्स मैन्युअल तरीके से OMR शीट की जांच करने की मांग करते हुए रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं.
कई कैंडिडेट्स का कहना है कि वह आंसर-की से मिलान करने पर पास हो रहे हैं, लेकिन उनका रिजल्ट ही जारी नहीं किया गया है. यूपी में शिक्षक भर्ती प्रस्तावित है. ऐसे में UP TET रिजल्ट जारी ना होने से ऐसे कैंडिडेट्स की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं. कैंडिडेट्स OMR की मैन्युअल जांच करते हुए रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं. इस संबंध में बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स UPESSC के प्रयागराज स्थित ऑफिस में अपनी शिकायत कर रहे हैं.
क्या कैंडिडेट्स की मांगों पर विचार किया जा सकता है?
UP TET 2026 रिजल्ट जारी होने के बाद भी बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स परेशान हैं. कैंडिडेट्स अपना आवेदन बहाल करते हुए रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं. सवाल ये है कि क्या कैंडिडेट्स की मांगों पर विचार किया जा सकता है? UPESSC के पुराने रूख को समझें तो कैंडिडेट्स को राहत संभव नहीं है.UPESSC पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि OMR शीट में गलती के लिए कैंडिडेट्स स्वयं जिम्मेदार होंगे. हालांकि प्रयागराज में कैंडिडेट्स का जुटान पर राज्य सरकार की तरफ से इस संबंध में काेई फैसला लिया जा सकता है.

मनोज भट्ट
पत्रकारिता में एक दशक से अधिक समय से सक्रिय. नवोदय टाइम्स, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान में लंबे समय तक फील्ड रिपोर्टिंग. कई मुद्दों व खबरों को लीड किया, जो चर्चा में रही. अभी तक पंचायत, कृषि, प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा, राजनीति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, चुनाव, बिजनेस से जुड़े विषयों पर काम किया है और इनमें लेखन की दिलचस्पी है.
Read More