October 24, 2026

UP PET 2026 परीक्षा कल से, एग्जाम से पहले जान लें जरूरी नियम, इन गलतियों से बचें

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशानिर्देश जारी किए गए हैं. परीक्षा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 25 और 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित होगी. एग्जाम दो पालियों में होगा, जिसमें उम्मीदवारों को 100 मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा. परीक्षा केंद्र पर एंट्री के लिए एडमिट कार्ड और वैलिड फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर प्रतिबंध रहेगा. अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट भरने और नेगेटिव मार्किंग से जुड़े नियमों का भी ध्यान रखना होगा.

तीन तारीखों में होगी परीक्षा

UPSSSC PET 2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जाएगा. परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है. परीक्षा से 30 मिनट पहले गेट बंद होंगे. सुबह की पाली के लिए 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए 2:30 बजे गेट बंद होंगे. इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को एंट्री नहीं मिलेगी.

एडमिट कार्ड और आईडी रखना जरूरी

परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अपने साथ एडमिट कार्ड और ऑरिजनल फोटो पहचान पत्र जरूर लेकर जाएं. पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल किया जा सकता है. पहचान पत्र की फोटोकॉपी और आधार कार्ड के साथ दो नई पासपोर्ट साइज फोटो भी रखने की सलाह दी गई है. फोटो के पीछे नाम, रोल नंबर और परीक्षा की तारीख लिखें. अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग टाइम की जानकारी पहले ही चेक कर लें.

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना प्रतिबंधित है. नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है. इसके अलावा उन्हें आयोग की आगामी परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है. अभ्यर्थियों को अपने साथ केवल नीले या काले बॉल पेन ले जाने की अनुमति होगी.

ओएमआर शीट भरते समय रखें ध्यान

PET परीक्षा में 100 अंकों के 100 मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन पूढे जाएंगे. प्रत्येक गलत आंसर पर एक चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी. ओएमआर शीट में प्रश्नपत्र का सही सीरियल नंबर दर्ज करना जरूरी है. आंसर भरते समय गोला पूरी तरह भरें.आधा गोला भरने या एक प्रश्न के लिए एक से ज्यादा विकल्प चुनने पर आंसर अमान्य हो सकता है. नकल, अनुशासनहीनता या दुर्व्यवहार करने पर भी अभ्यर्थन निरस्त किया जा सकता है.

PET स्कोर से मिलेंगे भर्ती के अवसर

UPSSSC PET के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार के अलग-अलग विभागों में ग्रुप सी स्तर के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. PET स्कोर के आधार पर संबंधित भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों को मेंस परीक्षा, स्किल टेस्ट या शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सकता है. इसलिए उम्मीदवारों को परीक्षा के सभी नियमों का पालन करते हुए समय से केंद्र पर पहुंचना चाहिए.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button