
UP NEET UG काउंसलिंग राउंड 1
उत्तर प्रदेश में NEET UG 2026 काउंसलिंग के पहले राउंड में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा प्रक्रिया पूरी करनी होगी. चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने पहले चरण की सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया को रद्द कर संशोधित शेड्यूल जारी किया है. यह फैसला इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के 16 सितंबर के आदेश के अनुपालन में लिया गया है. अब अभ्यर्थियों को नए सिरे से अपनी पसंद के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की च्वाइस भरकर उसे लॉक करना होगा. सात सितंबर को जारी सीट अलॉटमेंट को अमान्य माना गया है. नई प्रक्रिया के तहत सीट आवंटन 22 सितंबर को जारी किया जाएगा.
7 सितंबर का सीट अलॉटमेंट रद्द
यूपी नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के पहले चरण में 7 सितंबर को जारी किया गया सीट आवंटन अब मान्य नहीं होगा. जिन अभ्यर्थियों को उस चरण में MBBS या BDS सीट मिली थी उन्हें संशोधित काउंसलिंग में फिर से कॉलेज और कोर्स की पसंद भरनी होगी. च्वाइस को तय समय के भीतर लॉक करना भी जरूरी होगा.
21 सितंबर तक च्वाइस फिलिंग
रिवाइज्ड शेड्यूल के अनुसार च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया 19 सितंबर शाम 5 बजे से शुरू हो चुकी है. अभ्यर्थी 21 सितंबर शाम 5 बजे तक अपनी पसंद भरकर लॉक कर सकते हैं. इसके बाद 22 सितंबर को संशोधित पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट जारी किया जाएगा. मिलने वाले उम्मीदवार 23 से 26 सितंबर के बीच अपना अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर एडमिशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. यह प्रक्रिया सरकारी और प्राइवेट मेडिकल व डेंटल कॉलेजों और संबंधित संस्थानों की स्टेट कोटे की MBBS और BDS सीटों पर लागू होगी.
च्वाइस लॉक करना जरूरी
अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि केवल च्वाइस भरना पर्याप्त नहीं है. तय समय के अंदर च्वाइस लॉक करना अनिवार्य है. अगर कोई उम्मीदवार च्वाइस लॉक नहीं करता है तो उसे सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा. एक बार लॉक करने के बाद च्वाइस में बदलाव भी नहीं किया जा सकेगा.
फ्री एग्जिट की सुविधा
पहले राउंड में सीट मिलने के बाद अगर अभ्यर्थी उस सीट पर एडमिशन नहीं लेना चाहता है, तो उसे फ्री एग्जिट की सुविधा मिलेगी. ऐसी स्थिति में उसकी धरोहर राशि वापस कर दी जाएगी और वह दूसरे या तीसरे राउंड की काउंसलिंग में हिस्सा ले सकेगा. अभ्यर्थियों को काउंसलिंग से जुड़ी प्रक्रिया के लिए आधिकारिक वेबसाइट upneet.gov.in पर लॉगिन करना होगा. सिक्योरिटी डिपॉजिट के भुगतान के लिए अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करना जरूरी है. राजकीय कॉलेज में आवंटन होने पर प्रवेश संबंधित कॉलेज में, जबकि प्राइवेट कॉलेज में एडमिशन निर्धारित नोडल सेंटर के माध्यम से होगा.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More