UPESSC ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य उम्मीदवार 7 अक्टूबर तक फीस जमा कर आवेदन कर सकते हैं। लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर को होगी।
UP Assistant Professor Recruitment 2026
- Published: 09 Sep 2026, 07:07 PM IST
- Last Updated: 09 Sep 2026, 07:07 PM IST
उत्तर प्रदेश के गैर-सरकारी सहायता प्राप्त सहशिक्षा और महिला महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। UPESSC ने विज्ञापन संख्या 04/2026 जारी करते हुए कुल 1,936 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 11 अक्टूबर 2026 तक करेक्शन का मौका दिया जाएगा।
1,936 पदों में किसके लिए कितनी वैकेंसी?
इस भर्ती में कुल 1,936 पद शामिल हैं। इनमें 1,564 पद सहशिक्षा वाले कॉलेजों के लिए और 372 पद महिला महाविद्यालयों के लिए है। ये रिक्तियां उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज की ओर से उपलब्ध कराई गई हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान पदों की संख्या बढ़ या घट सकती है।
आरक्षण नियमों के तहत SC, ST, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित लाभ मिलेगा। इसके अलावा महिलाओं, दिव्यांग अभ्यर्थियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के लिए क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान भी लागू होगा।
₹1.82 लाख तक मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-10 के तहत वेतन दिया जाएगा। इस पद के लिए वेतनमान ₹57,700 से ₹1,82,400 निर्धारित है। यानी अनुभव और सेवा अवधि के साथ उम्मीदवारों को ₹1.82 लाख तक का वेतनमान मिल सकता है।
किन विषयों के लिए होगी भर्ती?
असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर कई विषयों में भर्ती की जाएगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, वाणिज्य, वनस्पति विज्ञान, इतिहास, दर्शनशास्त्र, प्राणी विज्ञान, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, शिक्षा, संस्कृत, गृह विज्ञान, भूगोल, शारीरिक शिक्षा, सैन्य विज्ञान और कृषि अर्थशास्त्र सहित अन्य विषय शामिल हैं।
Assistant Professor Eligibility: क्या होनी चाहिए योग्यता?
आमतौर पर संबंधित या संबद्ध विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री या समकक्ष ग्रेड होना जरूरी है। इसके साथ उम्मीदवार के पास UGC NET, CSIR NET या UGC से मान्यता प्राप्त SLET/SET की योग्यता होनी चाहिए। हालांकि UGC के नियमों के तहत PhD धारकों को NET/SLET/SET से छूट मिलने की स्थिति भी लागू हो सकती है।
SC, ST, OBC और PwD वर्ग के पात्र उम्मीदवारों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी गई है। 19 सितंबर 1991 से पहले मास्टर डिग्री हासिल करने वाले पात्र PhD धारकों के लिए भी 55 प्रतिशत से घटाकर 50 प्रतिशत अंक का प्रावधान दिया गया है। पेंटिंग और संगीत जैसे कुछ विषयों में संबंधित क्षेत्र में उत्कृष्ट पेशेवर उपलब्धि रखने वाले उम्मीदवारों के लिए अलग पात्रता प्रावधान भी दिए गए हैं।
62 साल है अधिकतम आयु सीमा
उम्मीदवार की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष निर्धारित है।
आवेदन शुल्क कितना है?
UPESSC Assistant Professor Recruitment 2026 के लिए वर्ग के अनुसार आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है-
सामान्य/अनारक्षित, OBC, EWS व अन्य वर्ग: ₹2,000
SC/ST: ₹1,500
दिव्यांग अभ्यर्थी: ₹1,000
आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकता है। उम्मीदवारों को भुगतान की रसीद सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
120 सवाल, 360 अंक और नेगेटिव मार्किंग
भर्ती की लिखित परीक्षा 360 अंकों की होगी। इसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। हर सही उत्तर के लिए 3 अंक मिलेंगे। वहीं गलत उत्तर या एक से अधिक विकल्प चुनने पर 1 अंक की कटौती होगी। यानी परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।
लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इंटरव्यू 40 अंकों का होगा। इस तरह लिखित परीक्षा और इंटरव्यू मिलाकर चयन प्रक्रिया का कुल स्कोर 400 अंक का होगा।
19 और 20 नवंबर को होगी परीक्षा
UPESSC के कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू की जानकारी आयोग की वेबसाइट के अलावा उम्मीदवारों को SMS और ईमेल के जरिए भी दी जाएगी।
आवेदन से पहले OTR जरूरी
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले One-Time Registration (OTR) पूरा करना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
आवेदन भरते समय उम्मीदवारों को फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित फॉर्मेट और साइज में अपलोड करने होंगे। स्कैन किए गए हस्ताक्षर की फाइल JPG/JPEG में 10 KB से 200 KB के बीच होनी चाहिए। फोटो के लिए 30 KB से 300 KB की सीमा निर्धारित है। आवश्यक दस्तावेज PDF फॉर्मेट में 50 KB से 500 KB के बीच अपलोड करने होंगे।
आवेदन में गलती सुधारने का भी मौका
उम्मीदवारों को अंतिम सबमिशन से पहले आवेदन फॉर्म में दर्ज सभी जानकारियां अच्छी तरह जांच लेने की सलाह दी गई है। श्रेणी, उपश्रेणी, जन्मतिथि और जेंडर जैसी जानकारियों में बदलाव के लिए आयोग की निर्धारित करेक्शन विंडो का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल लिखित परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिल जाने से उम्मीदवार की अंतिम पात्रता सुनिश्चित नहीं मानी जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपनी योग्यता और संबंधित विषय की पात्रता शर्तों की जांच करनी होगी।
इंटरव्यू में मूल दस्तावेज लाने होंगे
लिखित परीक्षा के आधार पर इंटरव्यू के लिए चयनित उम्मीदवारों को मूल शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ प्रमाणपत्रों और मार्कशीट की दो स्वप्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी।
जरूरत पड़ने पर जाति/EWS प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, PhD/MPhil दस्तावेज, सेवा में कार्यरत उम्मीदवारों का NOC, चरित्र प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।