फाइबर केबल बिछाने के दौरान बिजली विभाग की 11 केवी अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। बिजली विभाग का आरोप है कि 15 दिन के भीतर दूसरी बार कार्यदायी संस्था की लापरवाही से अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे विभाग को अब तक करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। अवर अभियंता ने थाना जगदीशपुरा की अवधपुरी पुलिस चौकी में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अवर अभियंता 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कलवारी-बोदला की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे वायु विहार रोड पर स्थित पंचरत्न मैरिज होम के पास फाइबर केबल डालने का कार्य कर रही श्री राम एंटरप्राइज के प्रोपराइटर सौरभ त्यागी, सुपरवाइजर निर्दोष त्यागी, मशीन चालक मनमोहन तथा अन्य कर्मियों ने खुदाई के दौरान न्यू बोदला 11 केवी फीडर की 3×300 एसक्यूएमएम एक्सएलपीई अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त कर दी। इसके चलते ब्रज विहार, सराफ नगर, माहौर नगर, मनीष नगर, वैशाली नगर, विनय नगर, श्याम नगर और गुलाब नगर सहित करीब 3500 विद्युत उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
विज्ञापन
उपखंड अधिकारी सिकंदरा साइट-सी राकेश कुमार ने बताया कि इस घटना से विभाग को करीब 11 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल फैक्ट्रियां बंद होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। सोमवार को औद्योगिक इकाइयां शुरू होने पर विद्युत लोड बढ़ने से आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत के लिए टोरंट से लोकेटर मशीन मंगाई जाएगी, जिससे केबल का सटीक स्थान चिह्नित कर ज्वाइंट किया जाएगा। इस कार्य में तीन से चार दिन लगने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इससे पहले 15 दिन पूर्व वायु विहार रेलवे फाटक के पास भी इसी कार्यदायी संस्था द्वारा खुदाई के दौरान अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त कर दी गई थी, जिससे करीब 19 लाख रुपये की क्षति हुई थी। दोनों घटनाओं में विभाग को लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
पूर्व में क्षतिग्रस्त केबल को ठीक करने लगे थे 5 दिन
पूर्व में क्षतिग्रस्त केबल को पांच दिन की मशक्कत के बाद वैकल्पिक व्यवस्था से जोड़ा गया था, लेकिन वह अभी तक स्थायी रूप से दुरुस्त नहीं हो सकी है। वहीं, पुलिस ने थाना जगदीशपुरा में पहले मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी बार क्षतिग्रस्त हुई केबल के मामले में दी गई तहरीर की जांच की जा रही है।