Published: Monday, August 10, 2026, 10:15 [IST]
Umar Ahmed Convoy Toll plaza FIR: माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लखनऊ जेल से प्रयागराज ले जाते समय नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा हुआ। कोर्ट के आदेश पर उमर को पारिवारिक जनाजे में शामिल कराने के लिए पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज ले जाया जा रहा था। आरोप है कि उसके काफिले में शामिल करीब 25 से 30 निजी वाहनों ने बिना टोल दिए बैरियर पार कर लिया।
टोल कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और धमकी दी गई. अब टोल प्लाजा प्रबंधन की शिकायत पर नवाबगंज थाने में FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस वैन के पीछे चल रहा था काफिला
शिकायत के मुताबिक, 8 अगस्त की रात करीब 3:50 बजे उमर अहमद को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ जेल से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। नवाबगंज टोल प्लाजा के बूथ नंबर-3 पर पहले सरकारी वाहन गुजरे और उसके पीछे उमर का काफिला पहुंचा। आरोप है कि काफिले में शामिल करीब 25 से 30 निजी वाहनों ने टोल दिए बिना बैरियर पार किया। टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और धमकी दी गई।
ये भी पढे़ं: अतीक के दोनों बेटे कभी जेल से आ पाएंगे बाहर? शाइस्ता का भविष्य क्या है? माफिया की अथाह संपत्ति कौन संभालेगा?
बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप
टोल प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि काफिले में शामिल कुछ वाहनों ने टोल बैरियर को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान वाहन तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से टोल प्लाजा से निकले। शिकायत में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। टोल कर्मचारियों के मुताबिक, अचानक बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और बिना भुगतान किए वाहनों के निकलने से टोल राजस्व को भी नुकसान हुआ।
कई गाड़ियों के नंबर पुलिस को दिए
टोल प्लाजा प्रबंधन ने अपनी शिकायत के साथ काफिले में शामिल कई वाहनों के नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। इनमें UP32 NJ 1458, UP70HP 8416, UP32QC0072, UP32EZ2056, UP70HB1786, UP70DL6CT9370, UP60AV5378, UP70HX3080, UP70GV2525, UP32GE8243, UP32KR3795 और UP70GQ4834 समेत कई अन्य वाहन शामिल बताए गए हैं। पुलिस अब इन नंबरों के आधार पर संबंधित वाहनों और उनके चालकों की पहचान करने में जुटी है।
CCTV फुटेज से खुलेगा पूरा मामला
नवाबगंज पुलिस ने टोल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज अहम मानी जा रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश होगी कि उमर के काफिले में कितने वाहन शामिल थे और किन वाहनों ने टोल बैरियर पार किया। इसके अलावा कर्मचारियों के साथ कथित अभद्रता और धमकी देने वाले लोगों की भी पहचान की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: बेटे अबान को आखिरी बार देखने जनाजे में पहुंची थी मां शाइस्ता? आया नया अपडेट, पुलिस ने क्या कहा पूरे मामले पर?
टोल चोरी और धमकी की जांच
टोल प्रबंधन ने अपनी शिकायत में बिना टोल दिए बैरियर पार करने के अलावा सरकारी बैरियर को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों के साथ अभद्रता और धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। FIR दर्ज होने के बाद पुलिस अब शिकायत में दिए गए वाहन नंबर, CCTV फुटेज और मौके पर मौजूद कर्मचारियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि काफिले में शामिल किन लोगों की भूमिका सामने आती है।