September 9, 2026

UGC NET June 2026 Re-Exam: NTA ने English और Commerce की दोबारा परीक्षा कराई, 10 सितंबर को Sociology का री-टेस्ट - Haribhoomi

UGC NET June 2026 Re-Exam शुरू हो गया है। NTA ने पेपर में गलतियां मिलने के बाद English और Commerce की दोबारा परीक्षा कराई, जबकि Sociology का री-टेस्ट 10 सितंबर को होगा।

UGC NET June 2026 Re-Exam

UGC NET June 2026 Re-Exam

  • Published: 09 Sep 2026, 02:50 PM IST
  • Last Updated: 09 Sep 2026, 02:50 PM IST

UGC NET June 2026 को लेकर एक बार फिर परीक्षा प्रक्रिया शुरू हो गई है। मूल परीक्षा के प्रश्नपत्रों में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आने के बाद NTA ने तीन विषयों के लिए री-एग्जाम कराने का फैसला किया था। इसी क्रम में बुधवार को English और Commerce विषय की दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।

English की परीक्षा पहली शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। वहीं Commerce विषय की परीक्षा दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई थी। Sociology विषय के उम्मीदवारों की री-एग्जाम परीक्षा 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।

जून में 87 विषयों की हुई थी परीक्षा
UGC NET June 2026 की मूल परीक्षा 22 से 30 जून के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा देशभर में 87 विषयों के लिए हुई थी। इसका उद्देश्य जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर पद और पीएचडी में दाखिले के लिए उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित करना है।

परीक्षा के बाद कुछ प्रश्नपत्रों को लेकर उम्मीदवारों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आईं। इसके बाद NTA ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की।

जांच में मिलीं कई तरह की गलतियां
NTA की ओर से गठित समिति की जांच में प्रश्नपत्रों में कई तरह की त्रुटियां सामने आने की बात कही गई। इनमें तथ्यात्मक गलतियां, टाइपिंग की त्रुटियां और ट्रांसलेशन से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।

जांच में प्रमुख विद्वानों के नाम गलत लिखे जाने, किताबों के शीर्षकों में गड़बड़ी, प्रश्नों की भाषा में खामियां और व्याकरण संबंधी गलतियां भी सामने आईं। इसके अलावा जेंडर और नंबर एग्रीमेंट से जुड़ी त्रुटियां तथा पहले पूछे जा चुके कई सवालों के दोहराव की बात भी सामने आई। समिति की सिफारिशों के आधार पर NTA ने English, Commerce और Sociology के लिए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया।

परीक्षा प्रक्रिया को लेकर छात्रों ने उठाए सवाल
री-एग्जाम का फैसला ऐसे समय में आया है जब NTA की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर छात्र संगठनों की ओर से सवाल उठाए गए हैं। इस मुद्दे पर NSUI, SFI और AISA समेत विभिन्न छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। छात्रों की ओर से परीक्षा में हुई गलतियों के साथ-साथ दोबारा परीक्षा के कारण होने वाली परेशानियों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

English परीक्षा की फीस वापसी पर दिल्ली हाईकोर्ट का निर्देश
इस बीच UGC NET June 2026 English परीक्षा को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में भी मामला पहुंचा है। अदालत ने English विषय की परीक्षा दोबारा कराने के NTA के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए NTA और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है।

जस्टिस जसमीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को उम्मीदवारों से ली गई परीक्षा फीस वापस करने के मुद्दे पर भी निर्णय लेने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि संबंधित परीक्षा के लिए उम्मीदवारों द्वारा जमा की गई फीस की वापसी पर फैसला लिया जाए।