September 14, 2026

UCC को लेकर तेजस्वी का JDU से सवाल, चिराग पासवान से भी मांगा स्पष्ट स्टैंड, बिहार में आई बाढ़ को लेकर मोदी सरकार को घेरा

PATNA: बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान को लेकर NDA के घटक दलों से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि भाजपा शासित राज्यों में वर्ष 2029 तक समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी जाएगी।

तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मुद्दे पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) को अपना स्पष्ट स्टैंड बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की पार्टी JDU बिहार सरकार में NDA का हिस्सा है, इसलिए पार्टी के नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि UCC को लेकर उनका रुख क्या है?

चिराग पासवान भी स्पष्ट बात कहे-तेजस्वी  

तेजस्वी यादव ने UCC को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के रुख पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान इस मुद्दे पर “गोल-गोल” बातें कर रहे हैं। तेजस्वी ने उनसे UCC पर अपना स्पष्ट और सीधा स्टैंड रखने की मांग की।

JDU को लेकर संजय झा पर निशाना

JDU के कुछ विधायकों द्वारा UCC का विरोध किए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने पार्टी के नेतृत्व पर भी हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि JDU में अंतिम फैसला लेने वाला कौन है।

तेजस्वी यादव ने JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि “संजय झा बीजेपी के एजेंट हैं और JDU को बर्बाद करने वाले व्यक्ति हैं।” उन्होंने कहा कि JDU को यह स्पष्ट करना चाहिए कि UCC जैसे मुद्दे पर पार्टी का आधिकारिक रुख क्या है।

बिहार में बाढ़ को लेकर केंद्र पर भी साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार की ओर से भेजी जा रही केंद्रीय टीम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही केंद्र सरकार को पत्र लिखकर बिहार की बाढ़ की स्थिति से अवगत कराया था। अब केंद्र सरकार को केंद्रीय टीम भेजने की याद आई है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय टीम को बिहार में सिर्फ खानापूर्ति करने के लिए नहीं आना चाहिए। तेजस्वी ने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बारिश होने पर प्रधानमंत्री की ओर से पैकेज की घोषणा कर दी जाती है, जबकि बिहार में टीम भेजकर पहले आकलन कराया जा रहा है।

‘सीधा पैकेज देना चाहिए, खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा’

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में भी NDA की सरकार है। उन्होंने सवाल किया कि क्या NDA के नेताओं को बिहार के हालात की जानकारी नहीं है? क्या बिहार सरकार केंद्र को राज्य में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी देने में सक्षम नहीं है? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बिहार सरकार पर भरोसा नहीं है।

तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार को बिहार के लिए सीधे पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले टीम आएगी, फिर आकलन होगा, उसके बाद रिपोर्ट बनेगी और रिपोर्ट के बाद पैकेज मिलेगा। इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लगेगा। उन्होंने कहा कि “खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा।”

CM पर भी तीखा हमला

तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केंद्र के सामने बिहार का हक मजबूती से नहीं रख पा रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपनी कोई मांग नहीं है और वे अमित शाह जो कहते हैं, उस पर सहमति जता देते हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार के हित और अधिकार के लिए केंद्र सरकार के सामने मजबूती से अपनी बात रखनी चाहिए।

पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट