CM Mohan Yadav UAE Visit: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के UAE दौरे में मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर कई बड़े प्रस्ताव सामने आए। वेस्ट मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर, शिक्षा, हेल्थकेयर और रिटेल सहित कई सेक्टर में निवेश पर चर्चा हुई। शराफ ग्रुप ने इंदौर-पीथमपुर में 30 से 50 मिलियन डॉलर के लॉजिस्टिक्स पार्क का प्रस्ताव दिया है।
CM मोहन ने निवेशकों को दिया GIS-2027 का न्योता।
- Published: 08 Sep 2026, 08:40 PM IST
- Last Updated: 08 Sep 2026, 08:40 PM IST
भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश और रोजगार के नए रास्ते खोलने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने UAE दौरे के तीसरे दिन शारजाह और दुबई में कई बड़े उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठकें कीं। एआईएम कांग्रेस-2026 के दौरान हुई इन मुलाकातों में वेस्ट मैनेजमेंट, वेस्ट-टू-एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, ई-मोबिलिटी, डेटा सेंटर, शिक्षा, हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग और रिटेल जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उद्योग समूहों को अगले साल मध्यप्रदेश में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता भी दिया।
शारजाह की BEEAH से वेस्ट मैनेजमेंट पर मंथन
मुख्यमंत्री ने शारजाह स्थित BEEAH मुख्यालय का दौरा कर ग्रुप CEO एवं वाइस चेयरमैन खालिद अल हुरैमल के साथ बैठक की। इस दौरान इंडस्ट्रियल वेस्ट, सीवेज वेस्ट, वेस्ट रिप्रोसेसिंग और इनर्ट मटेरियल के उपचार व निपटान की अत्याधुनिक तकनीक का अवलोकन किया गया।
मुख्यमंत्री ने BEEAH को मध्यप्रदेश के नगर निगमों में म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं में निवेश तथा टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप के लिए आमंत्रित किया। इंदौर के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और बायो-सीएनजी मॉडल को BEEAH की तकनीक से जोड़ने की संभावनाएं भी तलाशी गईं। लक्ष्य जीरो-वेस्ट लैंडफिल और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने BEEAH के AI-सक्षम और नेट-जीरो-रेडी मुख्यालय का भी अवलोकन किया। प्रसिद्ध आर्किटेक्ट जाहा हदीद द्वारा डिजाइन यह भवन सस्टेनेबल तकनीक का उदाहरण है। BEEAH के शारजाह में 90 फीसदी से अधिक लैंडफिल डायवर्जन और कमर्शियल स्तर के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट के संचालन का भी उल्लेख किया गया।

लॉजिस्टिक्स से ग्लोबल मार्केट तक पहुंच बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के मध्य में होने के कारण सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के लिहाज से मजबूत स्थिति में है। बेहतर लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन से प्रदेश के किसानों, एफपीओ, एमएसएमई और उद्योगों के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक तेजी से पहुंचाया जा सकता है।
DP World के CEO रिजवान सूमार के साथ बैठक में पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लॉजिस्टिक्स के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन के जरिए परिवहन लागत और समय घटाने पर जोर दिया गया।
30-50 मिलियन डॉलर के लॉजिस्टिक्स निवेश का प्रस्ताव
शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-CEO श्याम कपूर के साथ बैठक में इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में रेल-साइडिंग वाले लॉजिस्टिक्स पार्क की स्थापना पर चर्चा हुई। इसके लिए करीब 30 से 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश का प्रस्ताव सामने आया है। इससे लगभग 300 से 600 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। कंपनी मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, आधुनिक वेयरहाउसिंग और रीजनल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर विकसित करने में रुचि रखती है। हिंद टर्मिनल्स के जरिए भारत में मौजूद समूह करीब 35 मालगाड़ियां और 900 ट्रकों का संचालन कर रहा है।

ग्रीन एनर्जी, टेक्नोलॉजी और डेटा सेंटर पर फोकस
राणा होल्डिंग्स के चेयरमैन-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और एग्रीकल्चरल मशीनरी में निवेश की संभावनाओं पर बातचीत हुई। वहीं क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के CEO बद्र जाफर के साथ एनर्जी, टेक्नोलॉजी, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स में दीर्घकालिक निवेश पर चर्चा हुई।
शिक्षा, हेल्थकेयर और रिटेल में भी निवेश की तैयारी
जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन-फाउंडर सनी वर्की ने मध्यप्रदेश के प्रमुख और विकासशील शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के K-12 स्कूल कैंपस स्थापित करने में रुचि दिखाई। इन संस्थानों में विद्यार्थियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण और नेशनल-इंटरनेशनल करिकुलम उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा हुई।
ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन के CEO सिद्धार्थ बालाचंद्रन ने इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी में निवेश की इच्छा जताई। वहीं चोइथराम समूह के अध्यक्ष एल.टी. पगरानी ने प्रदेश में सुपरमार्केट और आधुनिक किराना रिटेल सेंटर स्थापित करने में रुचि दिखाई। समूह स्थानीय किसानों और उत्पादकों से सीधे कृषि व प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद खरीदने के साथ फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निजी लेबल निर्माण को बढ़ावा देने पर काम कर सकता है।
भोपाल-इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार पर चर्चा
VFS Global के वैश्विक प्रमुख अमित साइचर के साथ बैठक में भोपाल और इंदौर में वीजा आवेदन सेवाओं का दायरा बढ़ाने पर चर्चा हुई। पर्यटन, रोजगार और युवाओं के कौशल विकास के लिए उद्योग-उन्मुख यात्रा और हॉस्पिटैलिटी ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं भी सामने आईं।
शारजाह चैंबर के साथ बनेगा बिजनेस फोरम
मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं एक्सपो सेंटर के चेयरमैन अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी मुलाकात की। दोनों के बीच फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मा, रिन्यूएबल एनर्जी और पर्यटन में निवेश पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने शारजाह के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल को GIS-2027 में आमंत्रित करते हुए ‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ बनाने का प्रस्ताव रखा। इसका उद्देश्य MP के MSME और निर्यातकों को खाड़ी देशों के खरीदारों और वितरकों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, औद्योगिक अधोसंरचना, पर्याप्त ऊर्जा, कुशल मानव संसाधन और निवेश-अनुकूल नीतियां इसे निवेश के लिए मजबूत गंतव्य बनाती हैं। UAE की कंपनियों के साथ प्रस्तावित साझेदारियों से प्रदेश में निवेश के साथ तकनीक, निर्यात और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।