July 24, 2026

Tyre Facts: क्यों होते हैं नए टायर पर छोटे-छोटे रबर के हेयर? जानें इनका असली काम? - Haribhoomi

Tyre Facts: नई कार, बाइक या स्कूटर के टायरों पर छोटे-छोटे रबर के हेयर टायर मेकिंग प्रोसेस का हिस्सा हैं। जिनके पीछे एक खास वैज्ञानिक कारण छिपा है।

Tyre Facts

क्या कहलाते हैं ये रबर के बाल?

  • Published: 24 Jul 2026, 09:29 PM IST
  • Last Updated: 24 Jul 2026, 09:29 PM IST

Tyre Facts: अगर आपने कभी नई कार, बाइक या स्कूटर के टायर को गौर से देखा हो, तो उस पर छोटे-छोटे रबर के बाल जरूर नजर आए होंगे। इन्हें देखकर कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर ये किस काम आते हैं। कुछ लोग मानते हैं कि ये टायर की पकड़ बढ़ाते हैं, जबकि कुछ का मानना है कि ये सड़क का शोर कम करने में मदद करते हैं। लेकिन सच्चाई इससे अलग है। आइए जानते हैं कि नए टायरों पर दिखाई देने वाले ये रबर के बाल आखिर क्यों होते हैं।

क्या कहलाते हैं ये रबर के बाल?
टायर पर बने इन छोटे-छोटे रबर के बालों को Vent Spews या Tyre Nibs कहा जाता है। इन्हें कुछ जगहों पर Sprue Nibs, Nippers या Gate Marks के नाम से भी जाना जाता है। ये केवल नए टायरों पर दिखाई देते हैं और जैसे-जैसे टायर का इस्तेमाल बढ़ता है, सड़क के संपर्क और घर्षण की वजह से ये अपने आप घिसकर खत्म हो जाते हैं।

टायर पर ये क्यों बनते हैं?
इन रबर के बालों का संबंध टायर बनाने की प्रक्रिया से है। टायर तैयार करने के दौरान वल्केनाइजेशन (Vulcanization) प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसमें कच्चे रबर को एक विशेष मोल्ड में रखकर उच्च तापमान और दबाव दिया जाता है, ताकि वह पूरी तरह मोल्ड का आकार ले सके और मजबूत टायर तैयार हो।

इस मोल्ड में बेहद छोटे वेंट होल (Vent Holes) बने होते हैं, जिनका काम अंदर फंसी हवा को बाहर निकालना होता है। जब दबाव बढ़ता है, तो हवा के साथ थोड़ा पिघला हुआ रबर भी इन वेंट होल्स से बाहर निकल जाता है। बाद में यही रबर ठंडा होकर छोटे-छोटे रबर के बालों का रूप ले लेता है।

क्या इनसे टायर की परफॉर्मेंस बढ़ती है?
नहीं। इन रबर के बालों का टायर की ग्रिप, माइलेज, स्पीड, ब्रेकिंग या सुरक्षा से कोई संबंध नहीं होता। ये केवल निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं और टायर की गुणवत्ता या प्रदर्शन में कोई अतिरिक्त भूमिका नहीं निभाते।

इनका असली काम क्या है?
टायर बनाने के दौरान यदि मोल्ड के अंदर हवा फंस जाए, तो रबर के भीतर एयर पॉकेट या बुलबुले बन सकते हैं। इससे टायर की मजबूती प्रभावित हो सकती है। वेंट होल्स हवा को बाहर निकालकर यह सुनिश्चित करते हैं कि रबर पूरे मोल्ड में समान रूप से फैल जाए और टायर बिना किसी खामी के तैयार हो।

यही वजह है कि नए टायर पर दिखने वाले Rubber Hairs इस बात का संकेत होते हैं कि टायर सही निर्माण प्रक्रिया से तैयार किया गया है। हालांकि, कुछ समय तक गाड़ी चलाने के बाद ये रबर के बाल सामान्य रूप से घिसकर गायब हो जाते हैं।

(मंजू कुमारी)