Sep 09, 2026 07:04 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Thalapathy Vijay: तमिलनाडु में सत्ताधारी गठबंधन ने अपने नाम का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में हुई बैठक में कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने हिस्सा लिया। हालांकि वामपंथी पार्टियों ने इस बैठक से दूरी बनाए रखी।

थलपति विजय ने किया गठबंधन के नाम का ऐलान
Thalapathy Vijay: तमिलनाडु में ऐतिहासिक जीत हासिल करके सत्ता में आए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने गठबंधन के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस समेत कई पार्टियों के एक साथ आने से बने इस सत्ताधारी गठबंधन का नाम 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' रखा गया है। गौरतलब है सत्ता में आने के बाद बुधवार को इस गठबंधन के सदस्यों की दूसरी बड़ी बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री थलपति विजय ने की, जबकि कांग्रेस पार्टी समेत गठबंधन के बाकी सदस्य भी शामिल हुए। हालांकि, सरकार को समर्थन देने वाली वामपंथी पार्टियों ने इससे दूरी बनाए रखी।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक सत्ताधारी गठबंधन का नेतृत्व करने वाली टीवीके के पनैयूर स्थित मुख्यालय पर यह बैठक हुई थी। इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस पार्टी के राज्य प्रमुख मणिकम टैगोर, राज्यसभा सदस्य प्रवीण चक्रवर्ती और नेता ताराहाई कथबर्ट शामिल हुए। इसके अलावा दूसरी अहम पार्टी एमडीएमके के नेता वाइको और उनके बेटे दुरई भी बैठक में आए।
कभी डीएमके के साथ रहने वाली वीसीके पार्टी के प्रमुख थोल थिरुमावलन भी बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे। इसके अलावा इंडियन मुस्लिम लीग के नेता एम. कादर मोहिदीन और अन्य भी मौजूद रहे। सबसे ज्यादा ध्यान सत्ता में शामिल वामपंथी पार्टियों के नेताओं की अनुपस्थिति ने खींचा। विजय सरकार को समर्थन देने वाली सीपीआई (एम) और सीपीआई के नेता इस बैठक में नजर नहीं आए।
गठबंधन में तनातनी के बीच हुई बैठक
गौरतलब है पहली बार चुनाव लड़कर सीधे मुख्यमंत्री के पद पर बैठने वाले थलपति विजय के लिए गठबंधन साथियों को संभालना आसान नहीं है। विजय के साथ जितनी भी पार्टियां हैं, उनमें से ज्यादातर डीएमके की साथी रही हैं। ऐसे में जब भी विजय स्टालिन या उनके बेटे के खिलाफ हमला तेज करते हैं। इन पार्टियों की तरफ से बयान आने शुरू हो जाते हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री के स्टालिन के खिलाफ दिए बयान के बाद विपक्षी पार्टियां तो उन पर हमलावर हैं ही, वीसीके पार्टी के प्रमुख थिरुमावलन ने भी उन पर हल्का तंज कसा था।
दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी है, जिसने चुनाव नतीजे आने के बाद विजय के साथ आना चुना। लेकिन टीवीके नेता लगातार थलपति विजय को राहुल गांधी के क्रम में खड़ा करने की हिमायत करते हुए नजर आते हैं। इससे नाराज होकर हाल ही में राज्य कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने धमकी दी थी कि अगर विजय की पार्टी राहुल गांधी को पीएम पद का उम्मीदवार स्वीकार नहीं करती है, तो वह राज्य कैबिनेट से इस्तीफा दे देंगे।