Aug 21, 2026 11:08 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
DMK ने कहा कि विजय परिसीमन के मुद्दे पर बार-बार अपना रुख बदल रहे हैं। वहीं AIADMK ने कहा कि मुख्यमंत्री का नया बयान पूरी तरह यू-टर्न है। पार्टी ने कहा है कि विजय अब वही बात कह रहे हैं, जो केंद्र सरकार पहले से कहती रही है।

तमिलनाडु में मचा बवाल
तमिलनाडु में थलपति विजय के परिसीमन पर रुख को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। राज्य की विपक्षी पार्टियों ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय पर परिसीमन पर यू-टर्न का आरोप लगाया है। इसकी वजह है विजय का इस मुद्दे पर हालिया बयान। विपक्षी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और AIADMK ने विजय की पार्टी पर परिसीमन को लेकर केंद्र के साथ सुर मिलाने के भी आरोप लगा दिए।
पूरा विवाद हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विजय के बीच हुई एक बैठक के बाद शुरू हुआ है। इस बैठक में विजय ने गृह मंत्री के सामने परिसीमन के मुद्दे पर एक मांग रखी थी। महाबलीपुरम में आयोजित 31वीं साउदर्न जोनल काउंसिल की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार से एक आश्वासन मांगा था। विजय ने कहा था कि जनसंख्या नियंत्रण और विकास में आगे रहने वाले राज्यों को संसद में सीटें खोने का नुकसान नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से स्पष्ट आश्वासन की मांग की कि किसी भी राज्य का संसदीय प्रतिनिधित्व कम नहीं किया जाएगा।
विपक्ष का क्या आरोप
यह बयान सामने आने के बाद विपक्ष ने आरोप लगाया है कि विजय का परिसीमन पर रुख बदल गया है। बता दें कि इससे पहले 12 अगस्त को तमिलनाडु विधानसभा में पारित एक प्रस्ताव में विजय की सरकार ने लोकसभा सीटों को 543 पर स्थायी रूप से फ्रीज करने और राज्यों के मौजूदा सीट आवंटन को बनाए रखने की मांग की थी। विपक्ष का कहना है कि महाबलीपुरम में दिए बयान में उन्होंने इस मांग को नहीं दोहराया।
DMK और AIADMK दोनों हमलवार
DMK प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने मुख्यमंत्री विजय पर परिसीमन के मुद्दे पर बार-बार रुख बदलने का आरोप लगाया। वहीं AIADMK के आईटी विंग ने सवाल उठाया कि विजय सरकार का यह बयान पूरी तरह से 'यू-टर्न' है। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "आप अब वही बात कह रहे हैं, जो केंद्र सरकार पहले दिन से कहती आ रही है। यही वजह थी कि परिसीमन विधेयक पेश होने पर AIADMK ने उसका समर्थन किया था।" पार्टी ने आगे तंज कसते हुए पूछा, “अगर आखिर में यही रुख अपनाना था, तो फिर विधानसभा में प्रस्ताव पारित करने का इतना ड्रामा क्यों किया?”
TVK ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने सफाई दी है। TVK ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि परिसीमन के मुद्दे को बिना समझे भ्रामक राय फैलाई जा रही है। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए तमिलनाडु सरकार में ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्री सीटीआर निर्मलकुमार ने भी साफ कहा कि सरकार के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा, "परिसीमन के मुद्दे पर TVK के रुख में कोई बदलाव नहीं है। लोकसभा सीटों की संख्या 543 ही बनी रहनी चाहिए, इस पर हमारी स्थिति पहले जैसी ही है।"
