LG इलेक्ट्रोनिक्स इंडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है. कंपनी का नेट प्रॉफिट 27.2% बढ़कर ₹652.86 करोड़ हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को ₹513.25 करोड़ का मुनाफा हुआ था. कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में जून तिमाही के नतीजे जारी किए. कंपनी के मुताबिक, बिक्री में बढ़ोतरी, प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मांग और एक्सपोर्ट में ग्रोथ से कारोबार को फायदा मिला.
LG का ऑपरेशंस से रेवेन्यू जून तिमाही में 15.5% बढ़कर ₹7,233.35 करोड़ हो गया. पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹6,262.94 करोड़ था. कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसकी ग्रोथ बिक्री की संख्या यानी वॉल्यूम और महंगे प्रोडक्ट्स की बिक्री दोनों से आई है. कंपनी के मुताबिक, घरेलू बाजार के साथ-साथ एक्सपोर्ट में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई. ग्राहकों में ज्यादा फीचर्स वाले, बेहतर क्वालिटी और कम बिजली खर्च करने वाले प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ रही है. इसका फायदा LG को मिला.
EBITDA मार्जिन भी हुआ बेहतर
कंपनी की कमाई की क्षमता को दिखाने वाला EBITDA मार्जिन भी बेहतर हुआ है. जून तिमाही में यह 12.5% रहा, जो पिछले साल की तुलना में 1.06 प्रतिशत अंक ज्यादा है. कंपनी ने बताया कि ज्यादा बिक्री, प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बेहतर हिस्सेदारी और होम इंटरटेनमेंट कारोबार की मजबूत मांग से मार्जिन बढ़ाने में मदद मिली. हालांकि, इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी बढ़ा. पहली तिमाही में LG का कुल खर्च 14.25% बढ़कर करीब ₹6,450 करोड़ हो गया.
होम अप्लाइंसेस कारोबार की बिक्री बढ़ी
कंपनी के होम अप्लाइंसेस और एयर सोल्यूशन्स यानी H&A कारोबार में भी अच्छी ग्रोथ देखने को मिली. इस सेगमेंट का रेवेन्यू 13.61% बढ़कर ₹5,576.69 करोड़ हो गया. पिछले साल इसी अवधि में इस कारोबार से ₹4,908.23 करोड़ का रेवेन्यू आया था. इस सेगमेंट में कंपनी के कई लोकप्रिय प्रोडक्ट शामिल हैं. इनमें AC, फ्रिज, माइक्रोवेव ओवन, वॉशिंग मशीन, डिशवॉशर, कंप्रेसर, HVAC, वॉटर प्यूरिफायर और एयर प्यूरिफायर शामिल हैं. गर्मी के मौसम में AC और दूसरे घरेलू उपकरणों की मांग बढ़ने से इस कारोबार को फायदा मिला.
TV और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में 22% की ग्रोथ
LG के होम इंटरटेनमेंट सेगमेंट ने और भी बेहतर प्रदर्शन किया. जून तिमाही में इस कारोबार का रेवेन्यू 22.28% बढ़कर ₹1,656.65 करोड़ हो गया. इस सेगमेंट में कंपनी के TV, मॉनिटर, प्रोजेक्टर, साइनेंज, ऑडियो-वीडियो प्रोडक्ट और कंप्यूटर शामिल हैं. कंपनी के अनुसार, इस कारोबार में मजबूत मांग और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बिक्री ने ग्रोथ को बढ़ावा दिया.
ये भी पढ़ें- इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भारत का जलवा, 11 साल में 11 गुना ग्रोथ, फोन मैन्युफैक्चरिंग में छाया देश

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More