TRE-4 में 32,388 शिक्षकों की बहाली होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग ने अधियाचना BPSC को भेज दी है।
.
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।”
TRE-4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से अधिसूचना का इंतजार कर रहे थे। अब अधियाचना BPSC को भेजे जाने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा।
इससे राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ-साथ हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

कब होगी परीक्षा?
BPSC के एग्जाम कैलेंडर के मुताबिक, चौथे चरण की शिक्षक भर्ती की समय-सीमा पहले ही जारी की जा चुकी है। 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच परीक्षा होगी। रिजल्ट नवंबर 2026 में जारी किया जाएगा।
बड़ा बदलावः अब दो चरणों में होगी परीक्षा
BPSC सूत्रों के मुताबिक, शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और सेटिंग जैसी धांधलियों को रोकने के लिए आयोग ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अब परीक्षा एक के बजाय 2 चरणों में ली जाएगी।
- स्क्रीनिंग टेस्ट (PT): यह ऑब्जेक्टिव होगा। इसका मुख्य उद्देश्य भीड़ को कम करना है ताकि मुख्य परीक्षा का आयोजन बेहतर ढंग से हो सके। यह राज्य के 1000 से अधिक केंद्रों पर होगा।
- मुख्य परीक्षा (Mains): पीटी में सफल अभ्यर्थी ही इसमें शामिल होंगे। आयोग के अनुसार, दूसरी परीक्षा भी ऑब्जेक्टिव ही होगी, लेकिन इसका आयोजन मुख्य रूप से पटना में किया जाएगा।

हर साल बहाल होंगे 20 हजार शिक्षक
22 मई 2026 को सम्राट सरकार ने एक फैसला लिया था, जिसमें कहा गया था कि हर साल 20 हजार टीचर बहाल किए जाएंगे। इसी फैसले को लागू किए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की बैठक के बाद सरकार ने घोषणा की थी कि अब हर साल शिक्षकों की बहाली की जाएगी। इसके तहत अगले पांच साल में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति का टारगेट रखा गया है।
BPSC की ओर से TRE का विज्ञापन हर साल जुलाई में जारी करने का निर्णय लिया गया है। सरकार के अनुसार, शिक्षा विभाग हर साल रिटायर होने वाले शिक्षकों और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर BPSC को अधियाचना भेजेगा।

TRE 4 के लिए अभ्यर्थी कर रहे आंदोलन, 5 हजार पर FIR
TRE 4 के तहत शिक्षकों की भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके चलते पुलिस ने अब तक 5 हजार से अधिक अज्ञात अभ्यर्थियों पर FIR दर्ज किया है। 13 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।
वहीं, चार को गिरफ्तार किया गया था। TRE 4 शिक्षक भर्ती को लेकर अब तक ये चार बड़े विरोध प्रदर्शन हुए हैं..
- 7 अगस्त 2025: पटना में अभ्यर्थियों ने STET आयोजित करने और उसके बाद TRE-4 की प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। कई अभ्यर्थी घायल हुए थे।
- 18 अगस्त 2025: शिक्षक अभ्यर्थियों ने दोबारा प्रदर्शन किया। सड़क पर उतरे। पुलिस ने मार्च रोकते हुए 9 अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच संघर्ष हुआ। पुलिस ने वाटर कैनन चलाया।
- 27 अगस्त 2025: आयु-सीमा में छूट की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने जदयू कार्यालय का घेराव किया था।
- 8 मई 2026: पटना में हजारों अभ्यर्थी TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन नहीं रुके। तनाव बढ़ने के बाद लाठीचार्ज की गई।
पिछली भर्तियों (TRE 1, 2 & 3) पर एक नजर
- TRE 1.0: जून 2023 में आवेदन शुरू हुए और अक्टूबर 2023 में रिजल्ट आ गया।
- TRE 2.0: यह सबसे तेज रही। नवंबर 2023 में विज्ञापन आया और दिसंबर 2023 में रिजल्ट जारी कर जनवरी 2024 में जॉइनिंग करा दी गई।
- TRE 3.0: फरवरी 2024 में विज्ञापन आया। मार्च में पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द हुई, जिसके बाद रि-एग्जाम जुलाई 2024 में आयोजित की गई।