Tiger Shroff professional football Debut: अभिनेता टाइगर श्रॉफ प्रोफेशनल फुटबॉल में डेब्यू करने जा रहे हैं। जी हां, एक्टिंग के साथ-साथ अब वो दूसरी फील्ड में भी हाथ आजमाएंगे।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ जल्द ही अपने करियर में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहे हैं। दमदार एक्शन और शानदार फिटनेस के लिए पहचाने जाने वाले टाइगर अब फुटबॉल के मैदान पर प्रोफेशनल डेब्यू करने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें प्रतिष्ठित डूरंड कप के लिए मुंबई एफसी (Mumbay FC) की टीम में आधिकारिक तौर पर शामिल कर लिया गया है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो टाइगर पहली बार किसी प्रोफेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में खेलते नजर आ सकते हैं।
मुंबई एफसी के साथ शुरू की रेगुलर ट्रेनिंग
रिपोर्ट्स के अनुसार, टाइगर श्रॉफ ने क्लब के लिए जरूरी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर ली है और पिछले कुछ समय से टीम के खिलाड़ियों के साथ नियमित अभ्यास भी कर रहे हैं। क्लब के सह-मालिक जोहेब अमरानी ने बताया कि टाइगर को टीम में शामिल करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि टाइगर जैसी बड़ी बॉलीवुड हस्ती के मैदान में उतरने से सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है। खासकर शिलॉन्ग जैसे शहरों में होने वाले मुकाबलों के दौरान बड़ी संख्या में फैंस के पहुंचने की संभावना है, इसलिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
और पढ़ें - Sunny Deol Net Worth: 130 करोड़ के मालिक हैं सनी देओल, मुंबई-पंजाब और इंग्लैंड में करोड़ों की प्रॉपर्टी
सिर्फ शौक नहीं, फुटबॉल के लिए की है कड़ी मेहनत
टाइगर श्रॉफ लंबे समय से फुटबॉल के शौकीन रहे हैं। उनकी इस खेल के लिए गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सिर्फ प्रचार के लिए नहीं, बल्कि आधिकारिक नियमों के तहत सेंट्रलाइज्ड रजिस्ट्रेशन सिस्टम (CRS) में रजिस्ट्रेशन कराया है। बताया जा रहा है कि साल 2023 में एक इन्फ्लुएंसर्स फुटबॉल लीग के दौरान क्लब प्रबंधन ने टाइगर के खेल को करीब से देखा था। उनकी ड्रिब्लिंग, टैकलिंग और गेम सेंस से प्रभावित होकर उन्हें क्लब के साथ ट्रेनिंग का मौका दिया गया, जिसके बाद उन्होंने लगातार अपनी स्किल्स पर काम किया।
डूरंड कप में पहली बार खेलेगी मुंबई एफसी
मुंबई एफसी इस बार पहली बार डूरंड कप में हिस्सा लेने जा रही है। टीम अपने सभी ग्रुप-ई मुकाबले शिलॉन्ग के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेलेगी। टीम का पहला मुकाबला लांगस्निंग एससी से होगा। इसके बाद शिलॉन्ग लाजोंग एफसी और नोंगकसेह स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब के खिलाफ मैच खेले जाएंगे। हालांकि अभी यह आधिकारिक तौर पर साफ नहीं किया गया है कि टाइगर सभी मुकाबलों में खेलेंगे या नहीं, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार यदि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो वह टीम के अंतिम ग्रुप मैच में मैदान पर उतर सकते हैं।
और पढ़ें - 'मैं 2 बच्चों का बाप बनने वाला हूं...', फैन की फ्लर्टिंग पर यूं शर्माए रणवीर सिंह
सिर्फ स्टार पावर नहीं, भारतीय फुटबॉल को मिलेगा फायदा
मुंबई एफसी का मानना है कि टाइगर श्रॉफ का टीम से जुड़ना सिर्फ प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा। क्लब का विश्वास है कि उनकी मौजूदगी से महाराष्ट्र के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और बड़े क्लबों के स्काउट्स का ध्यान भी उनकी ओर आकर्षित होगा।
बॉलीवुड और फुटबॉल का पुराना रिश्ता
पिछले कुछ वर्षों में कई बॉलीवुड सितारे भारतीय फुटबॉल से किसी न किसी रूप में जुड़े हैं। किसी ने क्लब में निवेश किया तो किसी ने लीग को प्रमोट किया। लेकिन टाइगर श्रॉफ का मामला अलग है, क्योंकि वह किसी क्लब के मालिक या ब्रांड एंबेसडर नहीं बल्कि आधिकारिक रूप से रजिस्टर्ड खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। यही वजह है कि उनका संभावित प्रोफेशनल फुटबॉल डेब्यू खेल और मनोरंजन दोनों जगत में चर्चा का विषय बन गया है।