October 26, 2026

Tiger Shroff ने फायरिंग के 4 दिन बाद बेचा खार वेस्ट का फ्लैट, कितने में हुई डील? 8 साल में कितनी बढ़ी कीमत?

Time Updated: Monday, October 26, 2026, 17:08 [IST]

Tiger Shroff Property Deal: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने मुंबई के खार वेस्ट स्थित अपना अपार्टमेंट 9 करोड़ रुपये में बेच दिया है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, इस सौदे का रजिस्ट्रेशन 22 अक्टूबर 2026 को हुआ। खास बात यह है कि यह डील अभिनेता की कार पर जुहू में हुई फायरिंग की घटना के चार दिन बाद रजिस्टर की गई।

टाइगर ने यह अपार्टमेंट जुलाई 2018 में 7.61 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस तरह बिक्री की कीमत उनकी खरीद कीमत से करीब 18.3% अधिक रही। कितने में बिका टाइगर श्रॉफ का अपार्टमेंट? आइए जानते हैं...

tiger-shroff-sells-khar-west-

रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE मैट्रिक्स के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ का यह अपार्टमेंट मुंबई के खार वेस्ट में मेन एवेन्यू रोड स्थित रुस्तमजी पैरामाउंट डी को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी की नौवीं मंजिल पर है। प्रॉपर्टी से जुड़ी प्रमुख जानकारी इस प्रकार है...

  • बिक्री की कीमत: 9 करोड़ रुपये
  • खरीद की कीमत: 7.61 करोड़ रुपये
  • कारपेट एरिया: करीब 1,291.14 वर्ग फुट
  • अतिरिक्त एक्सक्लूसिव एरिया: 95.80 वर्ग फुट
  • पार्किंग: दो कवर्ड कार पार्किंग स्पेस
  • रजिस्ट्रेशन की तारीख: 22 अक्टूबर 2026
  • स्टाम्प ड्यूटी: 54 लाख रुपये

दस्तावेजों के अनुसार, अभिनेता ने यह प्रॉपर्टी 17 जुलाई 2018 को डेवलपर कीस्टोन रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड से खरीदी थी। उन्हें 30 नवंबर 2019 को इसका कब्जा मिला था।

8 साल में कितनी बढ़ी प्रॉपर्टी की कीमत?

टाइगर श्रॉफ ने अपार्टमेंट 7.61 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि अब इसकी बिक्री 9 करोड़ रुपये में हुई है। यानी खरीद और बिक्री की कीमत के बीच करीब 1.39 करोड़ रुपये का अंतर है।

tiger-shroff-sells-khar-west-apartment

यह बढ़ोतरी केवल खरीद और बिक्री की कीमतों का अंतर है। इसे अभिनेता का शुद्ध मुनाफा नहीं माना जा सकता, क्योंकि इसमें स्टाम्प ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन, रखरखाव, अन्य लेनदेन खर्च और संभावित कर देनदारियों को शामिल नहीं किया गया है।

जुहू में फायरिंग की घटना के बाद चर्चा में आए टाइगर

टाइगर श्रॉफ की प्रॉपर्टी डील ऐसे समय सामने आई है, जब 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में उनकी कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने अभिनेता की गाड़ी पर कई राउंड गोलियां चलाई थीं। इस घटना में टाइगर के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। शुरुआती रिपोर्टों में अभिनेता को मामूली चोट या बारूद से जलने के निशान आने की बात भी कही गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। रिपोर्टों के अनुसार, राजस्थान के कोटा से कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से लिए जाने की खबरें भी सामने आईं।