July 25, 2026

रद्द या रिशेड्यूल... भारत की इस T20I सीरीज पर मंडराए संकट के बादल, बांग्लादेश है वजह

रद्द या रिशेड्यूल... भारत की इस T20I सीरीज पर मंडराए संकट के बादल, बांग्लादेश है वजह

भारत-अफगानिस्तान सीरीज पर संकट के बादल. (फोटो- PTI)

India vs Afghanistan T20I Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज पर अनिश्चितता के काले बादल मंडराने लगे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीरीज की तारीखें भारत के संभावित बांग्लादेश दौरे से टकरा सकती हैं, जिसे इस साल फिर से आयोजित करने की कवायद तेज हो गई है. अफगानिस्तान को भारत की मेजबानी में 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में तीन टी20 मैच खेलने हैं. अफगानिस्तान में राजनीतिक स्थितियों के कारण वो अपने होम मैच भारत या यूएई में खेलते हैं, इसी वजह से यह सीरीज नई दिल्ली में तय की गई थी.

बांग्लादेश दौरे के कारण क्यों फंसा पेंच?

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड 1 से 13 सितंबर के बीच भारत के खिलाफ 6 मैचों की लिमिटेड ओवर की सीरीज आयोजित करने की कोशिश कर रहा है. अगर भारतीय टीम बांग्लादेश का दौरा करती है, तो अफगानिस्तान सीरीज को कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ाना पड़ेगा या फिर इसे पूरी तरह रीशेड्यूल करना होगा. हालांकि, यह इतना आसान नहीं है क्योंकि भारतीय टीम का बिजी शेड्यूल बीसीसीआई के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर सकता है.

भारत और बांग्लादेश के संबंधों में सुधार के संकेत

राजनीतिक तनाव के कारण पहले भारत का बांग्लादेश दौरा टाल दिया गया था. लेकिन हाल ही में भारत सरकार की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार की उम्मीद जगी है. अगर, दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहतर होते हैं, तो बीसीसीआई को भारतीय टीम को बांग्लादेश भेजने के लिए केंद्र सरकार से हरी झंडी मिल सकती है.

दूसरी ओर, भले ही भारत-अफगानिस्तान सीरीज सिर्फ 3 मैचों की है, लेकिन इसे आगे बढ़ाने के लिए बीसीसीआई के पास एक छोड़ी विंडो उपलब्ध है. भारतीय टीम को 24 सितंबर से एशियन गेम्स में हिस्सा लेना है. इसके तुरंत बाद 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज शुरू हो रही है. ऐसे में अफगानिस्तान सीरीज को बहुत ज्यादा दिनों के लिए टालना संभव नहीं है. अगर बांग्लादेश दौरा फाइनल होता है, तो अफगानिस्तान सीरीज को सिर्फ 2 से 3 दिनों के लिए ही खिसकाया जा सकेगा.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button