August 22, 2026

रोनाल्डो के देश ने क्रिकेट में रचा इतिहास, T20 वर्ल्ड कप 2028 की ओर बढ़ाए कदम

रोनाल्डो के देश ने क्रिकेट में रचा इतिहास, T20 वर्ल्ड कप 2028 की ओर बढ़ाए कदम

पुर्तगाल ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत. (फोटो- INSTAGRAM)

Portugal Cricket Team: फुटबॉल की दुनिया में अपना दबदबा रखने वाले पुर्तगाल ने अब इंटरनेशनल क्रिकेट के मंच पर भी जोरदार हुंकार भरी है. फिनलैंड के केरावा में खेले गए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर सी 2026 के खिताबी मुकाबले में पुर्तगाल की टीम ने स्पेन को 57 रनों से धूल चटाकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर और मौजूदा पुर्तगाली कप्तान मोजेज हेनरिकेस की अगुवाई में टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2028 में जगह बनाने के अपने सपने को मजबूती से जिंदा रखा है.

पुर्तगाल ने स्पेन के विजय रथ को रोका

स्पेन ने पिछले 26 टी20I मैचों में हार का सामना नहीं किया था. लेकिन पुर्तगाल की टीम उनके विजय रथ को रोकने में कामयाब रही. इस फाइनल मैच में स्पेन के कप्तान क्रिश्चियन मुनोज़-मिल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पुर्तगाल को धवलकुमार नोरोतम और क्रिस्टोफर डी फ्रेटस ने सधी हुई शुरुआत दिलाई. फिर कप्तान मोजेज हेनरिकेस ने 18 रनों का योगदान दिया. फिर क्रेग कैचोपा, कार्लोस नून्स और जेरेमी मार्टिंस की आक्रामक पारियों के दम पर पुर्तगाल ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 160 का स्कोर खड़ा किया.

57 रनों से स्पेन को किया पस्त

161 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए स्पेन की शुरुआत काफी खराब रही. सेबेस्टियन डी ओलिवेरा और जेरेमी मार्टिंस ने घातक शुरुआती स्पेल फेंककर स्पेन के टॉप-3 बल्लेबाजों को सिर्फ 32 रन पर पवेलियन भेज दिया. इसके बाद यासिर अली और डेनियल डॉयल कैले ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन 11वें ओवर में सिराज उल्लाह खादिम ने यासिर को बोल्ड कर मैच का रुख पूरी तरह पुर्तगाल की तरफ मोड़ दिया. अंत में मार्टिंस ने लोर्न बर्न्स को बोल्ड करके 57 रनों की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी.

यूरोपियन क्वालिफायर 2027 का टिकट पक्का

इस खिताबी जीत के साथ ही पुर्तगाल ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालिफायर 2027 के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है. पुर्तगाल अब जर्सी और डेनमार्क के साथ अगले दौर में शामिल होगा. वहीं, स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में सीधे एंट्री मिली है. इनके अलावा इटली और नीदरलैंड्स ने सीधे ग्लोबल क्वालिफायर में अपनी जगह बनाई है. अब पुर्तगाल की नजरें 2027 यूरोप क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन कर ग्लोबल क्वालिफायर का टिकट कटाने पर टिकी हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button