August 14, 2026

SUV Tyres: योकोहामा ने भारत में लॉन्च किए नए जियोलैंडर X-CV टायर, जानें खासियतें - Haribhoomi

SUV Tyres: योकोहामा ने भारतीय SUV बाजार को ध्यान में रखते हुए नई जियोलैंडर X-CV टायर रेंज लॉन्च की है। 16 से 20 इंच तक के साइज में आने वाले ये टायर बेहतर ग्रिप, कम रोड नॉइज और हाई-स्पीड स्टेबिलिटी का दावा करते हैं।

 Geolandar X-CV

योकोहामा जियोलैंडर X-CV टायर भारत में लॉन्च

  • Published: 14 Aug 2026, 10:06 PM IST
  • Last Updated: 14 Aug 2026, 10:06 PM IST

SUV Tyres: योकोहामा इंडिया ने अपनी जियोलैंडर एसयूवी टायर सीरीज में नया जियोलैंडर X-CV शामिल किया है। यह जियोलैंडर H/T के बाद सीरीज का दूसरा रोड-फोकस्ड टायर है। नई X-CV रेंज को भारतीय बाजार को ध्यान में रखते हुए 16 से 20 इंच तक के साइज में पेश किया जाएगा। इसमें 32 तक के टायर प्रोफाइल उपलब्ध होंगे। कंपनी के मुताबिक, इन टायरों की बिक्री अगस्त के आखिर से Yokohama Club नेटवर्क और चुनिंदा अधिकृत डीलर्स के जरिए शुरू होगी। हालांकि, कंपनी ने अभी इनकी कीमतों का खुलासा नहीं किया है।

भारत में पहली बार 16 और 17 इंच साइज
Geolandar X-CV की खास बात यह है कि भारत पहला ऐसा बाजार है जहां इस टायर सीरीज को 16 और 17 इंच के साइज में पेश किया जा रहा है। ग्लोबल मार्केट में Geolandar X-CV सीरीज आमतौर पर 18 इंच और उससे बड़े साइज में उपलब्ध है।

योकोहामा इंडिया के चेयरमैन नितिन मंत्री के मुताबिक, भारत में SUV सेगमेंट में 15-16 इंच के टायर साइज की मांग काफी महत्वपूर्ण है और लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए कंपनी ने X-CV को छोटे साइज में लाने का फैसला किया है। 16 इंच साइज में ये टायर Hyundai Creta और Kia Seltos जैसी SUVs को ध्यान में रखकर पेश किए गए हैं।

15 इंच साइज में नहीं आएंगे X-CV टायर
कंपनी ने साफ किया है कि Geolandar X-CV को 15 इंच साइज में लाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। नितिन मंत्री के अनुसार, यह रेंज प्रीमियम सेगमेंट पर फोकस करती है और कंपनी 16 इंच या उससे बड़े साइज में ही इसे बनाए रखना चाहती है।

बेहतर ग्रिप और हाई-स्पीड स्टेबिलिटी
योकोहामा का दावा है कि Geolandar X-CV में एसिमेट्रिकल ट्रेड पैटर्न दिया गया है, जिसमें चार मुख्य ग्रूव हैं। ये ग्रूव गीली सड़कों पर बेहतर ग्रिप देने में मदद करते हैं।

टायरों को सड़क पर शोर कम करने के लिए भी डिजाइन किया गया है। इनमें फुल नायलॉन कवर और टू-प्लाई साइडवॉल का इस्तेमाल किया गया है, जिससे टायर की मजबूती और तेज रफ्तार पर स्टेबिलिटी बेहतर होने का दावा किया गया है।

कंपनी के मुताबिक, Geolandar X-CV इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी कम्पैटिबल है। इससे यह टायर पारंपरिक SUVs के साथ-साथ बढ़ते EV SUV सेगमेंट के लिए भी एक विकल्प बन सकता है।

(मंजू कुमारी)