'बंटवारा 1947' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला। निर्देशक राजकुमार संतोषी ने धर्मेंद्र से जुड़ी खास याद साझा की, जिसे सुनकर सनी देओल मंच पर भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
पिता धर्मेंद्र को याद कर रो पड़े सनी देओल
- Published: 28 Jul 2026, 07:13 PM IST
- Last Updated: 28 Jul 2026, 07:13 PM IST
Sunny Deol Batwara 1947: आगामी फिल्म 'बंटवारा 1947' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एक ऐसा भावुक पल देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। मंच पर निर्देशक राजकुमार संतोषी ने दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए बताया कि 'बंटवारा 1947' वह आखिरी फिल्म थी, जिसे उन्होंने देखा था। यह बात सुनते ही अभिनेता सनी देओल अपने पिता को याद कर भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
राजकुमार संतोषी ने सुनाया धर्मेंद्र से जुड़ा खास किस्सा
इवेंट के दौरान राजकुमार संतोषी ने बताया कि जब उन्होंने धर्मेंद्र को फिल्म की कहानी सुनाई थी, तब वह बेहद भावुक हो गए थे। उन्होंने कहा- "इस फिल्म के लिए धरम जी का बहुत आशीर्वाद है। जब उन्होंने फिल्म का नैरेशन सुना था, वह बहुत इमोशनल थे। आंखों में आंसू आ गए थे और बहुत आशीर्वाद दिया। मेरे ख्याल से धरम जी ने जो आखिरी फिल्म देखी वो भी बटवारा 1947 है। तब भी उन्होंने बोला 'राज ये पिक्चर बहुत चलेगी। बहुत अच्छा काम किया है आप लोग ने।"
सनी देओल नहीं रोक पाए अपने जज्बात
जैसे ही राजकुमार संतोषी ने धर्मेंद्र की यादों का जिक्र किया, सनी देओल मंच पर भावुक नजर आए। उन्होंने चुपचाप निर्देशक की बातें सुनीं और अपने पिता को याद करते हुए उनकी आंखें भर आईं। इस भावुक पल ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भी भावुक कर दिया।
आमिर खान ने भी किया था खास खुलासा
इससे पहले एक कार्यक्रम के दौरान आमिर खान ने भी बताया था कि उन्हें इस बात की खुशी है कि धर्मेंद्र 'बंटवारा 1947' रिलीज से पहले देख पाए थे। आमिर ने कहा था कि यह कहानी धर्मेंद्र की पसंदीदा स्क्रिप्ट्स में से एक थी और फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी जमकर तारीफ की थी।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी 'बंटवारा 1947' भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी है। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।