
टीम इंडिया का मिला नया कोच. (फोटो- GETTY)
Team India New Fielding Coach: भारतीय क्रिकेट टीम को नया फील्डिंग कोच मिलने जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अनुभवी कोच सुभदीप घोष को भारतीय टीम के नए फील्डिंग कोच के रूप में नियुक्त किया गया है. उन्होंने टी दिलीप की जगह ली है, जिनका कार्यकाल इंग्लैंड दौरे के साथ खत्म हो गया है और बीसीसीआई ने उसे आगे न बढ़ाने का फैसला किया गया. सुभदीप घोष श्रीलंका दौरे से भारतीय टीम के साथ अपने कार्यकाल का आगाज करेंगे, जहां 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, वो 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक इस जिम्मेदारी को संभालेंगे.
कौन हैं नए फील्डिंग कोच सुभदीप घोष?
सुभदीप घोष आसाम से आते हैं, इंटरनेशनल क्रिकेट में भले ही सुभदीप को कभी टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका न मिला हो, लेकिन कोचिंग में उनका अनुभव काफी शानदार रहा है. ह भारतीय महिला क्रिकेट टीम और भारतीय अंडर-19 टीम के फील्डिंग कोच रह चुके हैं. इस साल की शुरुआत में जब भारतीय अंडर-19 टीम ने खिताब अपने नाम किया था, तब सुभदीप ही टीम के फील्डिंग कोच थे.
सुभदीप घोष के पास आईपीएल में भी कोचिंग का अनुभव है. वो आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स (2018) और कोलकाता नाइट राइडर्स (2019) के साथ काम कर चुके हैं. इसके अलावा 2020 में केकेआर से अलग होने के बाद वह बीसीसीआई की नेशनल क्रिकेट एकेडमी (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में शामिल हो गए थे. वह 2021 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई इंडिया ‘ए’ टीम के साथ भी बतौर फील्डिंग कोच गए थे और पिछले 6 सालों से भारतीय क्रिकेट सेटअप में लगातार सक्रिय हैं.
कैसा रहा घरेलू करियर?
सुभदीप घोष का घरेलू करियर ज्यादा बड़ा नहीं रहा. उन्होंने असम और रेलवे की तरफ से खेलते हुए कुल 17 फर्स्ट क्लास और 17 लिस्ट-ए मुकाबले खेले, जिनमें उन्होंने 316 और 307 रन बनाए. उन्होंने साल 2005 में अपना आखिरी घरेलू मैच खेला था. दूसरी ओर, राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के दौरान टी दिलीप को टीम इंडिया का फील्डिंग कोच बनाया गया था. लेकिन पिछले कुछ समय में भारतीय टीम का फील्डिंग लेवल काफी गिरा है, जिसके चलते उनकी छुट्टी हुई है. हाल ही में आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया ने कुल 21 कैच छोड़े, जिसके चलते बीसीसीआई ने टी दिलीप की जगह सुभदीप घोष को यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला लिया है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More