Stock Market Today: वैश्विक दबाव के बावजूद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार जबरदस्त उछाल के साथ खुला. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते आज (29 जुलाई) को ग्लोबल बाजार में एक बार फिर से कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया. इन सबके बावजूद भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शानदार रही. हालांकि इससे पहले ही बाजार में उछाल के संकेत मिल रहे थे. ऐसे में बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी50 जबरदस्त उछाल के साथ ओपन हुए.
शेयर बाजार की शानदार शुरुआत
बुधवार (29 जुलाई) को भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी50 ग्रीन जोन में ओपन हुए. बुधवार सुबह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंक्सेक्स 657.85 अंकों उछाल के साथ 77423.77 के स्तर पर खुला जो कल यानी मंगलवार को 76765.92 अंक पर बंद हुआ था. हालांकि सुबह 9.30 बजे तक सेंसेक्स 77559.48 के हाई और 77333.24 अंकों के लो के स्तर पर भी कारोबार करता दिखा.
- इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी50 191.30 अंकों की तेजी के साथ 24176.65 के स्तर पर ओपन हुआ जो 28 जुलाई यानी मंगलवार को 23985.35 के लेवल पर बंद हुआ था. इस दौरान निफ्टी 24203.20 के हाई और 24136.75 अंक के निचले स्तर पर कारोबार करता दिखा.
सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयरों में तेजी
बुधवार के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर ग्रीन जोन में ओपन हुए. इस दौरान सबसे ज्यादा इन्फोसिस के शेयर में 3.56 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. जबकि एलएंडटी, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इटरनल, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी उल्लेखनीय उछाल देखा गया. वहीं दूसरी ओर मारुति, टाइटन, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, इंडिगो और पावरग्रिड के शेयर में गिरावट दर्ज की गई.
निफ्टी50 के टॉप गेनर और लूजर रहे ये शेयर
वहीं निफ्टी50 के 50 शेयरों में से 43 शेयर बुधवार को उछाल के साथ खुले. जबकि 7 शेयरों में गिरावट देखने को मिली. निफ्टी पर बुधवार सुबह के कारोबार में टॉप गेनर में इंफोसिस, एल एंड टी, हिंदुस्तान यूनीलिवर, इटरनल और बजाज फाइनेंस के शेयर रहे, जबकि टॉप लूजर में इंडिगो, कोल इंडिया, एशियन पेंट्स, पावरग्रिड और टाइटन के शेयर रहे.
आज जारी होंगे इन कंपनियों के तिमाही नतीजे
आज यानी बुधवार (29 जुलाई) को कई कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले हैं. जिन कंपनियों के आज तिमाही नतीजे आएंगे उनमें एशियन पेंट्स, आयशर मोटर्स, अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन, बजाज हाउसिंग फाइनेंस, डाबर इंडिया, KPIT टेक्नोलॉजीज, कर्नाटक बैंक, पिरामल फार्मा, प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स और वेदांता पावर, वेदांता आयरन एंड स्टील, वेदांता ऑयल एंड गैस व वारी एनर्जीज शामिल हैं.
कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल
वहीं ग्लोबल मार्केट में बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में 3 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली. इस दौरान ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स पिछले तीन सत्रों में 14 प्रतिशत से ज्यादा गिरने के बाद बुधवार को अचानक से 2.71 डॉलर या 3.2 प्रतिशत बढ़कर 86.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. जबकि यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड (WTI) 2.26 डॉलर यानी 3.4 फीसदी बढ़कर 81.95 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.
मिडिल ईस्ट में अभी भी तनाव जारी
उधर मिडिल ईस्ट में अभी भी तनाव जारी है. दरअसल, अमेरिका ने भले ही ईरान पर हमले रोक दिए हों लेकिन ईरान अभी भी मध्य पूर्व के देशों में स्थित अमेरिकी सेना के ठिकानों पर हमले कर रहा है.
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: कच्चे तेल की कीमतों में 3% से ज्यादा का उछाल, जानें अपने शहर में पेट्रोल-डीजल के ताजा दाम
- बुधवार तड़के ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी सेना के बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया. हालांकि अमेरिकी सेना ने इन हमलों को नाकाम कर दिया. अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने मध्य पूर्व में अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने वाले ईरानी "अचानक हमले के प्रयास" को सफलतापूर्वक रोक दिया है. वहीं इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया ने लगातार दूसरे दिन सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र में तेल सुविधाओं को निशाना बनाया और ड्रोन से हमला कर दिया.
ये भी पढ़ें: ट्रंप ने झूठ बोलकर रोका युद्ध! ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति का कर दिया पर्दापाश, आखिर क्या है सच?