September 25, 2026

SSC CGL के अभ्यर्थियों को झटका! घट गए 1,525 पद, अब कितने सीटों पर होगी भर्ती?

Time Published: Friday, September 25, 2026, 22:00 [IST]

SSC CGL 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए भर्ती से जुड़ा अहम अपडेट आया है। स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) ने कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल यानी CGL परीक्षा 2026 की संशोधित वैकेंसी जारी कर दी है। नई जानकारी के अनुसार अब इस भर्ती के जरिए कुल 10,731 ग्रुप बी और ग्रुप सी पद भरे जाएंगे। इससे पहले आयोग ने 12,256 पदों पर भर्ती की जानकारी दी थी। यानी संशोधित आंकड़ों में 1,525 पद कम हो गए हैं।

इन पदों पर केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती में सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, टैक्स असिस्टेंट, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, ऑडिटर और असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर जैसे कई पद शामिल हैं।

SSC CGL 2026 Revised Vacancy

10,731 पदों का कैटेगरी वाइज ब्योरा

SSC CGL 2026 की संशोधित वैकेंसी में जनरल कैटेगरी के लिए सबसे ज्यादा पद रखे गए हैं। कैटेगरी के हिसाब से पदों का ब्योरा इस तरह है:

  • जनरल: 4,412 पद
  • ओबीसी: 2,772 पद
  • एससी: 1,715 पद
  • एसटी: 804 पद
  • ईडब्ल्यूएस: 1,028 पद

इसके अलावा क्षैतिज आरक्षण के तहत ईएसएम के 373, ओएच के 122, एचएच के 138, वीएच के 99 और दूसरी पीडब्ल्यूडी कैटेगरी के 105 पद शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: 28 हजार रैंक से AIR 1 तक का सफर! डॉ. मोनीश की वो मास्टर स्ट्रेटजी जिसने उन्हें बना दिया NEET PG टॉपर

सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर के सबसे ज्यादा पद

संशोधित वैकेंसी में सबसे ज्यादा पद सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर के हैं। सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (CBIC) के तहत इस पद के लिए 2,336 वैकेंसी हैं। इसके बाद टैक्स असिस्टेंट के 1,400 पद हैं। इनमें सीबीआईसी के तहत 841 पद शामिल हैं। वहीं सेंट्रल सेक्रेटेरिएट सर्विस में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के 668 पद और इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के 595 पद हैं।

CAG में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर के पद

इस भर्ती में कंप्ट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया (CAG) के तहत भी बड़ी संख्या में पद शामिल हैं। स्टेट कैडर में असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के 504 पद और असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर के 504 पद हैं। वहीं सेंट्रल कैडर में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर के 513 पद रखे गए हैं। यानी SSC CGL के जरिए टैक्सेशन, प्रशासन, अकाउंट्स और ऑडिट से जुड़े अलग-अलग केंद्रीय विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।

SSC नहीं जारी करता अलग रीजन वाइज वैकेंसी

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि SSC अलग से स्टेट वाइज या रीजन वाइज वैकेंसी जारी नहीं करता। हालांकि संशोधित नोटिस में संबंधित पदों की पोस्ट वाइज, डिपार्टमेंट वाइज और स्टेट वाइज जानकारी दी गई है। उम्मीदवारों को अपनी पसंद के पद और विभाग के अनुसार इस डिटेल को ध्यान से देखना चाहिए।

टियर 1 और टियर 2 से होगा चयन

SSC CGL के जरिए ग्रेजुएट उम्मीदवारों की नियुक्ति अलग-अलग ग्रुप बी और ग्रुप सी पदों पर होती है। चयन प्रक्रिया में टियर 1 और टियर 2 परीक्षा शामिल है। इसके बाद जरूरी पदों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाता है।

उम्मीदवारों को अब संशोधित वैकेंसी के अनुसार अपनी तैयारी पर फोकस करना होगा। हालांकि SSC ने साफ किया है कि 10,731 पदों की यह संख्या टेंटेटिव यानी अस्थायी है। भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने के दौरान वैकेंसी में बदलाव संभव है।

ये भी पढ़ें: NEET PG 2026 का रिजल्ट जारी, जानिए कटऑफ और स्कोरकार्ड डाउनलोड करने की तारीख