- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Prayagraj
- SSC CGL Tier 1 Exam: UP Bihar Centers Coverage & Candidate Updates
प्रमोद यादव। प्रयागराज1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की सीजीएल टियर-1 परीक्षा बुधवार से देशभर में शुरू हो गई। यूपी और बिहार में परीक्षा का संचालन कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच किया जा रहा है। देशभर में परीक्षा के लिए 30.94 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
इनमें 7.61 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी अकेले एसएससी मध्य क्षेत्र के यूपी-बिहार से परीक्षा देंगे, जबकि भर्ती 10,731 पदों पर होगी। परीक्षा 28 अक्टूबर तक 18 दिन चलेगी और रोज तीन पालियों में होगी। बुधवार सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
यूपी और बिहार के 19 प्रमुख शहरों में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रयागराज और आगरा में सबसे ज्यादा पांच-पांच केंद्र हैं। वहीं सबसे ज्यादा अभ्यर्थी पटना में परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के लिए केंद्रों पर जरूरी इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को तय समय के अनुसार अलग-अलग पालियों में परीक्षा देनी होगी।
तीन पालियों में हो रही परीक्षा
सीजीएल टियर-1 परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से 11 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 5 से 6 बजे तक हो रही है।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह है। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ पहुंचने लगी थी।

यूपी और बिहार में परीक्षा का संचालन कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच किया जा रहा है।
सीसीटीवी और बायोमेट्रिक जांच से निगरानी
एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक और तकनीकी जांच की जा रही है।
पूरे परीक्षा परिसर और परीक्षा कक्षों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी हो रही है। कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़ रोकने के लिए भी तकनीकी निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए लगातार नजर रखी जा रही है।
केंद्र और परीक्षार्थी के आंकड़े
उत्तर प्रदेश: कुल 4,51,483 अभ्यर्थी पंजीकृत।
बिहार: कुल 3,10,049 अभ्यर्थी पंजीकृत।
पटना: सबसे अधिक 1.70 लाख परीक्षार्थी, जिनके लिए 2 केंद्र बनाए गए हैं।
नोएडा: 1.03 लाख परीक्षार्थी, जिनके लिए 1 केंद्र बनाया गया है।
प्रयागराज और आगरा: दोनों शहरों में सबसे अधिक 5-5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रयागराज में 77,348 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
.