August 4, 2026

SSC जेई भर्ती: 1731 युवाओं को केंद्रीय विभागों में नौकरी: कर्मचारी चयन आयोग ने जूनियर इंजीनियर का अंतिम परिणाम जारी किया - Prayagraj (Allahabad) News

प्रयागराज58 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) भर्ती परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें कुल 1,731 युवाओं का चयन किया गया है। सफल अभ्यर्थियों को अब संबंधित विभागों की ओर से दस्तावेज़ सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

एक साल पहले जून 2025 में शुरू हुई थी भर्ती प्रक्रिया

आयोग की ओर से इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 30 जून 2025 को हुई थी, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2025 निर्धारित की गई थी।

चयनित उम्मीदवारों में अनुसूचित जाति के 270, अनुसूचित जनजाति के 122, अन्य पिछड़ा वर्ग के 432, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 127 और अनारक्षित श्रेणी के 780 अभ्यर्थी शामिल हैं। इस बार अनारक्षित मानकों पर सफलता पाने वाले अभ्यर्थियों में 62 ईडब्ल्यूएस, 01 एससी और 439 ओबीसी वर्ग के मेधावी उम्मीदवार भी हैं।

लिखित परीक्षा के बाद पहचान का सत्यापन हुआ

आयोग ने त्रि-स्तरीय परीक्षा प्रणाली के तहत दिसंबर 2025 के शुरुआती सप्ताह में पेपर-I (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) और 7 अप्रैल 2026 को पेपर-II का सफलतापूर्वक आयोजन किया।

लिखित परीक्षाओं के बाद, आयोग ने पहले चरण का अनंतिम आवंटन (FRTA) जारी किया। इसके बाद 20 और 21 जुलाई 2026 को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में अनिवार्य स्लाइडिंग व पहचान सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई गई। इन सभी चरणों को पार करते हुए 3 अगस्त 2026 को अंतिम परिणाम घोषित किया गया।

केंद्रीय विभागों में तैनाती मिलेगी

चयनित अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट और विकल्पों के आधार पर देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विभागों में तैनात किया जाएगा। इनमें बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO), केंद्रीय जल आयोग (Central Water Commission), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD), मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (MES), फरक्का बैराज प्रोजेक्ट और केंद्रीय जल और विद्युत अनुसंधान स्टेशन (CWPRS) जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं।

अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद अब दस्तावेज़ सत्यापन और नियुक्ति से जुड़ी औपचारिकताएं नियुक्ति देने वाले विभाग पूरी करेंगे। आयोग ने सफल उम्मीदवारों के लिए नई रैंक जारी की है, जो पहले के FRTA रैंक का स्थान लेंगे। यदि किसी चयनित को परिणाम घोषणा के 6 महीने के भीतर संबंधित विभाग से कोई पत्र व्यवहार प्राप्त नहीं होता है, तो वे संबंधित विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

आयोग की ओर से प्रतीक्षा सूची तैयार नहीं की जाती है। खाली रहने वाले पदों को आगामी वर्षों की रिक्तियों में आगे बढ़ा दिया जाएगा।

.