July 13, 2026

धमतरी पुलिस में बड़ा बदलाव : SP सूरज सिंह को विदाई, IPS भावना पांडेय ने संभाली कमान - Haribhoomi

धमतरी जिले में आईपीएस भावना पांडेय ने नई पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभाला। निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार को भावभीनी विदाई दी गई।

Officer Bhavna Pandey has assumed charge as the new Superintendent of Police

अधिकारी भावना पांडेय ने नई पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार किया ग्रहण

  • Published: 13 Jul 2026, 03:35 PM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 03:35 PM IST

यशवंत गंजीर- धमतरी। धमतरी पुलिस में सोमवार को नेतृत्व परिवर्तन हुआ। निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी भावना पांडेय ने जिले की नई पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया।

अधिकारियों ने गिनाईं उपलब्धियां
विदाई समारोह में कलेक्टर अविनाश मिश्रा, डीएफओ कृष्ण जाधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने श्री परिहार के कार्यकाल की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि, उनके नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने ट्रिपल मर्डर और बरड़िया ज्वैलर्स गोलीकांड जैसे चर्चित मामलों का सफल खुलासा किया, मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाए तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

suraj singh parihar farewell

पदभार संभालते ही भावना पांडेय ने गिनाईं प्राथमिकताएं
इसी दिन भावना पांडेय ने विधिवत पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा, प्रभावी कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, त्वरित न्याय और जनविश्वास आधारित पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों को निर्देश
नई एसपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, कार्यालयीन अनुशासन तथा पारदर्शी कार्यसंस्कृति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

नए नेतृत्व के साथ नई शुरुआत
धमतरी पुलिस के लिए यह दिन एक ओर सफल कार्यकाल को सम्मानपूर्वक विदाई देने का रहा, तो दूसरी ओर नए नेतृत्व के साथ जनोन्मुखी और जवाबदेह पुलिसिंग की नई शुरुआत का भी साक्षी बना।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)