October 13, 2026

रेप केस में फंसे चावला की बढ़ेंगी मुश्किलें: SIT जांच के लिए श्री आनंदपुर साहिब पहुंची, 3 सरायों का किया निरीक्षण; पीड़िता रही साथ - Amritsar News

रेप मामले में फंसे एसजीपीसी के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला से संबंधित मामले की जांच के लिए पंजाब सरकार की ओर से गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने आज श्री आनंदपुर साहिब पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फरीदकोट के एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में पहुंची टीम

.

इस दौरान बहरीन निवासी शिकायतकर्ता भी टीम के साथ मौजूद रहीं। 3 सदस्यीय एसआईटी में फरीदकोट के एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के अलावा विजिलेंस ब्यूरो, मोहाली से संबंधित सिमरनजीत सिंह लंग और डीएसपी करण संधू शामिल हैं। यह जांच श्री आनंदपुर साहिब थाने में दर्ज मुकदमा नंबर 149 के संबंध में की जा रही है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसआईटी प्रमुख गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि स्थानीय पुलिस से मामले का रिकॉर्ड हासिल करने के बाद नियमानुसार जांच शुरू की गई है। टीम ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज करने के बाद घटना से संबंधित स्थानों का निरीक्षण भी किया।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) से रिकॉर्ड हासिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रबंधन के अनुसार संबंधित रिकॉर्ड मुख्य कार्यालय में जमा है। इसे प्राप्त करने के लिए SGPC से समन्वय किया जाएगा।

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के साथ अमरजीत सिंह चावला। फाइल फोटो।

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के साथ अमरजीत सिंह चावला। फाइल फोटो।

उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी जांच

बैंस ने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी। SIT का उद्देश्य सही जांच करना है, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो। इस अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब के डीएसपी जशनदीप सिंह मान, थाना प्रभारी जतिन कुमार और थाना प्रभारी राहुल शर्मा भी मौजूद रहे।

महिला ने क्या आरोप लगाए, 3 पॉइंट में पढ़िए…

धार्मिक यात्रा पर आई थी: महिला मालवा क्षेत्र से संबंधित है जो 25 सालों से बहरीन में रह रही हैं। FIR के अनुसार वारदात 27 फरवरी से 19 अगस्त, 2026 के बीच की बताई गई है। महिला ने बताया कि वह धार्मिक यात्रा पर श्री आनंदपुर साहिब आई थी।

बंधक बनाया, कई बार रेप किया: महिला का आरोप है कि चावला उसे अलग-अलग सराय/कमरों में ले गया। यहां बंधक बनाया और कई बार रेप किया। विरोध करने पर धमकाया गया, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन सेवादार ने उसे अस्पताल पहुंचाकर बचा लिया।

जत्थेदार से भी न्याय की गुहार लगाई: महिला ने दावा किया कि उसने SGPC प्रधान हरजिंदर सिंह धामी व श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज सहित कई पंथक हस्तियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी।