धार के सरदारपुर के ग्राम धुलेट निवासी हरिराम गेहलोत हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर विरोध तेज हो गया है। घटना के 10 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज सर्वसमाज के लोगों ने मंगलवार को राजगढ़ में प्रदर्शन किया।
.
कांग्रेस विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में दोपहर करीब 2 बजे नगर पालिका परिसर से रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए थाना राजगढ़ के सामने स्थित मैला मैदान पहुंची। यहां करीब दो घंटे तक धरना दिया गया।
प्रदर्शन में हरिराम गेहलोत के परिजन, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में देरी पर सवाल
धरने को संबोधित करते हुए विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मुख्य आरोपी भाजपा नेता और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि देवा सिंगार की गिरफ्तारी में देरी पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि घटना को 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उन्होंने सवाल किया कि जब कानून के हाथ लंबे बताए जाते हैं तो पुलिस आरोपी तक क्यों नहीं पहुंच पा रही है।
कुक्षी विधायक सुरेंद्रसिंह हनी बघेल ने भी मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस विधायक इस मुद्दे को विधानसभा के आगामी सत्र में उठाएंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने भी निष्पक्ष जांच और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
एसआईटी जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग
प्रदर्शन के बाद सर्वसमाज की ओर से राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों के नाम एसडीएम अजमेरसिंह गौड़ को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मामले की एसआईटी जांच कराने, मृतक के मृत्यु पूर्व बयान को जांच में शामिल करने और गिरफ्तार आरोपी की उम्र की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई। इसके अलावा आरोपियों की संपत्ति की जांच और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग भी रखी गई।
पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और प्रकरण में अन्य धाराएं जोड़ने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि हरिराम के परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
देखें तस्वीरें…

सर्वसमाज के लोगों ने सौंपा ज्ञापन

सर्वसमाज के लोगों में गिरफ्तारी न होने से नाराजगी है।

मंगलवार को गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।