August 4, 2026

Simdega News:  80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा

Simdega: जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल तैयारी को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में मुख्य समारोह की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, परेड, झंडोत्तोलन, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच, बैरिकेडिंग, यातायात, पार्किंग तथा पुरस्कार वितरण सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई.

Uploaded Image

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीसी ने की बैठक

बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसकी प्रत्येक व्यवस्था अनुशासित, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें:

Jharkhand Weather :  8 तक बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं चलने व वज्रपात की भी संभावना
थाइलैंड से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान में भारी टर्बुलेंस, कई यात्री चोटिल

समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रहेगी. 10 से 12 अगस्त तक स्टेडियम में परेड का पूर्वाभ्यास होगा, जबकि 13 अगस्त को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण करेंगे.

बैठक में राष्ट्रीय ध्वज की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य सुविधा, एंबुलेंस, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली, पार्किंग, साइनेज, साफ-सफाई तथा मुख्य समारोह स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. नगर परिषद को शहर एवं स्टेडियम परिसर की विशेष सफाई तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वच्छता एवं विद्युत सज्जा का दायित्व सौंपा गया.

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों एवं झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा. साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान, खिलाड़ी, शिक्षक, सहिया, जल सहिया, सेविका एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा.

उपायुक्त ने राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने के लिए 15 अगस्त को शराब तथा मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने, प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग एवं बिक्री पर रोक लगाने तथा सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें