September 17, 2026

SGPC मेंबर पर रेप की FIR में क्या: महिला बोली- बहरीन से यात्रा पर आई, बंधक बनाया, विरोध करने पर धमकाया; चावला ने इस्तीफा दिया - Pathankot News

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के वरिष्ठ सदस्य एवं शिरोमणि अकाली दल के नेता अमरजीत सिंह चावला पर रेप की FIR दर्ज की गई है। बहरीन से आई ने महिला ने चावला पर रेप, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

.

महिला की शिकायत के बाद थाना आनंदपुर साहिब ने मामला दर्ज किया है। मामले के तूल पकड़ते ही चावला ने अपने सभी राजनीतिक व धार्मिक पदों से इस्तीफा दे दिया है। FIR दर्ज होने के बाद वह कनाडा चले गए।

पंजाब सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, चावला 13 सितंबर को कनाडा पहुंच गए थे। पंजाब पुलिस उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही थी, इसी दौरान उनके कनाडा पहुंचने की जानकारी सामने आई।

चावला ने गुरुवार (17 सितंबर) को सारे आरोपों को निराधार बताते कहा कि उनके पैरों को संगल बांधने के लिए ये झूठा मामला दर्ज किया गया है। जब तक अदालत उन्हें निर्दोष नहीं बताती तब तक वे सभी पदों से मुक्त रहेंगे।

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के साथ अमरजीत सिंह चावला की फोटो।

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के साथ अमरजीत सिंह चावला की फोटो।

महिला ने क्या आरोप लगाए, 3 पॉइंट में पढ़िए…

  • धार्मिक यात्रा पर आई थी: महिला मालवा क्षेत्र से संबंधित है जो 25 सालों से बहरीन में रह रही हैं। FIR के अनुसार वारदात 27 फरवरी से 19 अगस्त, 2026 के बीच की बताई गई है। महिला ने बताया कि वह धार्मिक यात्रा पर श्री आनंदपुर साहिब आई थी।
  • बंधक बनाया, कई बार रेप किया: महिला का आरोप है कि चावला उसे अलग-अलग सराय/कमरों में ले गया। यहां बंधक बनाया और कई बार रेप किया। विरोध करने पर धमकाया गया, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन सेवादार ने उसे अस्पताल पहुंचाकर बचा लिया।
  • जत्थेदार से भी न्याय की गुहार लगाई: महिला ने दावा किया कि उसने SGPC प्रधान हरजिंदर सिंह धामी व श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज सहित कई पंथक हस्तियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी।

चावला ने सुखबीर बादल और धामी को इस्तीफा भेजा FIR के बाद अमरजीत सिंह चावला ने एक वीडियो जारी कर आरोपों को बेबुनियाद बताया। चावला ने SGPC सदस्यता और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी को भेज दिया है।

अमरजीत सिंह चावला की अहम बातें…

  • कुछ लोग हाथ धोकर पीछे पड़े: अमरजीत सिंह चावला ने कहा कि मुझे आज बड़े अफसोस के साथ यह बात कहनी पड़ रही है कि पिछले कुछ समय से कुछ लोग मेरे पीछे हाथ धोकर पड़े हुए थे और इस तरह मेरी छवि खराब करने के प्रयास कर रहे थे। मैं समझता हूं कि जब चुनाव नजदीक आते हैं, तो बहुत कुछ होता है।
  • रेप की FIR झूठी और निराधार: आज मेरे खिलाफ जो FIR दर्ज करवाई गई है, वह पूरी तरह झूठी और निराधार है। मैं संगत और अपने क्षेत्र के लोगों के बीच रहा हूं। सतगुरु जी ने मुझ पर कृपा करके अपने मेहर भरे हाथ रखे और मुझसे बहुत सेवा ली। मैंने अपनी क्षमता के अनुसार पूरी सेवा की है।
  • सच्चाई सामने आएगी, पदों से इस्तीफा: मैं अपनी जत्थेबंदियों और अपने नेताओं को किसी मुश्किल में नहीं डालना चाहता। इस मामले को लेकर जो कहानी गढ़ी गई है, वह अभी अदालत में विचाराधीन है। आने वाले दिनों में पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। विशेष रूप से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य के पद से, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद से और अन्य पदों से भी मैं आज इस्तीफा दे रहा हूं। यह मेरी एक बहुत जरूरी जिम्मेदारी बनती है कि मैं ऐसा नैतिक आधार पर करूं।
  • संघर्ष के दौर से गुजरा, जेल काटी: मैं संघर्ष के दौर से गुजरा हूं। संत जरनैल सिंह की सरपरस्ती में और भाई अमरीक सिंहके साथ रहकर मैंने लंबे समय तक इस संघर्ष में हिस्सा लिया। मैंने जेल भी काटी। मुझे इस बात का बहुत गर्व है कि जब मुझे इस क्षेत्र में सेवा का अवसर मिला, तो मैंने पूरी निष्ठा और मेहनत से सेवा की।
  • कई साथी मुझसे कहते थे कि मैं बहुत ज्यादा भाग-दौड़ करता हूं, लेकिन मेरे मन में सेवा करने की इच्छा और शौक था। अब मेरे पैरों में बेड़ियां डालने का प्रयास किया गया है। मेरे खिलाफ जो भी साजिशें की गई हैं और इसके पीछे जो कुछ चल रहा है, वह सब जल्द ही संगत के सामने आएगा।
  • आज मैं केवल इस एफआईआर के संबंध में यह बताना चाहता हूं कि जब तक यह पूरा मामला स्पष्ट नहीं हो जाता, सच्चाई सामने नहीं आ जाती और मैं आरोपों से मुक्त नहीं हो जाता, तब तक मैं सेवा में वापस नहीं आ सकूंगा।

पुलिस महिला के रिकॉर्ड को खंगाल रही पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यात्री निवास के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।