सिवनी जिले में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने 11 आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
सिवनी में प्रेम प्रसंग के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई
- Published: 17 Jul 2026, 03:22 PM IST
- Last Updated: 17 Jul 2026, 03:22 PM IST
सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक के साथ कथित तौर पर बर्बरता करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और 11 आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खेत में ले जाकर उसके साथ मारपीट की
पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान कान्हीवाड़ा निवासी शोहेल खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसका एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। जब युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर युवक को डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र के खेरीटेक के पास एक खेत में ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
A viral video from shivni Distt of madhya pradesh in which an ITI student suhail beaten up and rubbed salt into the wounds by religious extremist mob
— Adv.Imran Rajput (@ImranRajputAMU) July 16, 2026
It is humble request of @sp_seoni @collectorseoni1
Take prompt action against culprits @MPPoliceDeptt pic.twitter.com/hB17BjIdW8
आरोप है कि युवक के कपड़े उतरवाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। उसके शरीर पर चोट पहुंचाने के बाद घावों पर नमक भी छिड़का गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद सिवनी पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर पुलिस ने सभी संदिग्धों की पहचान की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना 11-12 जून की बताई जा रही है
प्रारंभिक जांच के अनुसार यह घटना 11-12 जून की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित फिलहाल नागपुर में है। उससे संपर्क कर लिया गया है और उसके सिवनी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
गंभीर धाराएं भी जोड़ी जाएंगी
जांच के दौरान यदि वीडियो बनाने, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने या पीड़ित की गरिमा को ठेस पहुंचाने से जुड़े अतिरिक्त साक्ष्य मिलते हैं, तो अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। सिवनी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। यदि कोई शिकायत या विवाद हो तो उसकी जानकारी पुलिस को दें। साथ ही ऐसे हिंसक और संवेदनशील वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से भी बचें। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।