पर्यावरण संरक्षण की दिशा में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने सोमवार को एक बड़ी पहल करते हुए बिलासपुर में एक ही दिन में 15 हजार पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया।
SECL ने रोपे 15 हजार पौधे
- Published: 21 Jul 2026, 07:10 PM IST
- Last Updated: 21 Jul 2026, 07:13 PM IST
आशीष श्रीवास- बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने सोमवार को एक बड़ी पहल करते हुए बिलासपुर में एक ही दिन में 15 हजार पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया। यह अभियान कोल इंडिया लिमिटेड के देशव्यापी 'एक दिन में सर्वाधिक पौधारोपण' कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास का हिस्सा है। खास बात यह रही कि बिलासपुर शहर में पहली बार मियावाकी पद्धति से शहरी वन विकसित करने की शुरुआत भी इसी अभियान के तहत की गई।
बिलासपुर के कोनी स्थित नवीन कमिश्नर कार्यालय के पीछे करीब 1.5 हेक्टेयर क्षेत्र में 15 हजार पौधे लगाए गए। मियावाकी तकनीक से तैयार होने वाला यह घना वन भविष्य में शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
पर्यावरण संरक्षण हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी- हरीश दुहन
इस अवसर पर एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक औपचारिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मियावाकी पद्धति से विकसित होने वाले सघन वन जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने, जैव विविधता को बढ़ावा देने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

एसईसीएल लगाएगा 3 लाख 20 हजार से अधिक पौधे
कोल इंडिया के इस विशेष अभियान के तहत देशभर की सभी अनुषंगी कंपनियां एक ही दिन बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर रही हैं। इसी कड़ी में एसईसीएल अपने सभी परिचालन क्षेत्रों में 3 लाख 20 हजार से अधिक पौधे लगाने जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यह अभियान सिर्फ विश्व रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण की दिशा में एक दीर्घकालिक पर्यावरणीय संकल्प भी है।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
वृक्षारोपण कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, बिलासपुर संभाग के आयुक्त सुनील कुमार जैन, निदेशक (एचआर) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, सीवीओ हिमांशु जैन, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, कोल इंडिया के कार्यपालक निदेशक के. राजशेखर, महाप्रबंधक (पर्यावरण) संजय सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)