Uttarakhand SDRF Major Achievement: आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू सेवाओं में गुणवत्ता, दक्षता और मानकीकरण की दिशा में SDRF उत्तराखंड पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट द्वारा ISO 9001 Certification की निर्धारित प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है.
मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक की प्रेरणा से बदलाव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू सेवाओं को अधिक प्रभावी, आधुनिक और मानकीकृत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है. पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के मार्गदर्शन में SDRF द्वारा अपनी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन और रेस्क्यू प्रक्रियाओं में लगातार गुणवत्ता सुधार किए जा रहे हैं.
जौलीग्रांट मुख्यालय में भारतीय मानक ब्यूरो का गहन ऑडिट
ISO Certification की प्रक्रिया के अंतर्गत 14 जुलाई 2026 को SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा प्रथम ऑडिट किया गया. पूर्व वैज्ञानिक ‘G’ एवं उप महानिदेशक, BIS, भारत सरकार विष्णु गुप्ता द्वारा सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी की उपस्थिति में वाहिनी की विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया.
कठिन मानकों और आधुनिक प्रक्रियाओं की खुली परीक्षा
ऑडिट के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रणाली, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का विस्तृत मूल्यांकन किया गया. निर्धारित मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए SDRF उत्तराखंड ने ISO 9001 Certification की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की है.
ISO सर्टिफिकेशन से राहत और बचाव कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
SDRF उत्तराखंड पुलिस आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में ISO 9001 Certification प्राप्त करने वाली प्रथम एजेंसी बनने की दिशा में अग्रसर है. यह उपलब्धि बल की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, मानकीकरण, जवाबदेही और निरंतर सुधार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
ISO 9001 Certification से SDRF की कार्यप्रणाली के मानकीकरण, बेहतर दस्तावेजीकरण एवं जवाबदेही, संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन तथा प्रशिक्षण और रेस्क्यू प्रक्रियाओं में निरंतर गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा मिलेगा. इससे आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी, त्वरित एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी.
आधुनिक तकनीक और बेहतर सेवाओं के प्रति मजबूत संकल्प
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से SDRF उत्तराखंड आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण, मानकीकृत प्रक्रियाओं और गुणवत्तापूर्ण आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ कर रहा है. ISO 9001 Certification की दिशा में हासिल यह उपलब्धि SDRF की दक्षता, गुणवत्ता और प्रभावी आपदा प्रबंधन सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, सचिव आपदा प्रबंधन ने कंट्रोल रूम में सभी जिलों की समीक्षा की