भिंड के कनावर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में डूबे तीन किशोरों की तलाश 24 घंटे बाद भी जारी है। शनिवार सुबह एसडीआरएफ के दो दल नदी में उतरे और करीब 7 किमी क्षेत्र में सर्चिंग शुरू की। टीम नदी में जाल डालकर किशोरों को तलाश रही है। तेज ह
.
शुक्रवार रात अंधेरा होने के कारण करीब दो घंटे की तलाश के बाद अभियान रोकना पड़ा था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे एसडीआरएफ का एक दल मौके पर पहुंचा। इसके बाद दूसरा दल भी भिंड से रवाना किया गया। उमरी थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीनों गहरे पानी में गए
शुक्रवार को कनावर गांव के अभिजीत, मदन और कान्हा भदौरिया समेत 8 से 10 लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए क्वारी नदी पहुंचे थे। बताया गया है कि प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन के लिए अलग स्थान तय किया था, लेकिन यह समूह पुल के नजदीक पहुंच गया।
पुल निर्माण के कारण नदी में इस हिस्से में गहरे गड्ढे बने हुए हैं। प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीनों किशोर पानी में उतर गए। इसी दौरान पैर फिसलने से वे एक-एक कर गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

गणेश विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में डूबे 3 थे किशोर।
साथियों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद साथ मौजूद युवकों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय टीम और एसडीआरएफ ने नदी में तलाश शुरू की। शुक्रवार रात करीब दो घंटे तक सर्चिंग की गई, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा।
शनिवार सुबह दोबारा रेस्क्यू शुरू किया गया। एसडीआरएफ के दोनों दल नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश कर रहे हैं।
7 किमी क्षेत्र में जाल डालकर सर्चिंग
बारिश के कारण क्वारी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। तेज हवा के चलते पानी का बहाव भी तेज है। रेस्क्यू टीम को नदी के भीतर सर्चिंग करने में इन परिस्थितियों के कारण दिक्कत आ रही है।
एसडीआरएफ के जवान करीब 7 किमी क्षेत्र में अलग-अलग हिस्सों में जाल डालकर किशोरों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस और ग्रामीण भी नदी किनारे मौजूद हैं।
तय स्थान के बजाय पुल के पास किया विसर्जन
हादसे के बाद यह जानकारी भी सामने आई है कि प्रशासन ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अलग स्थान तय किया था, लेकिन समूह पुल के पास पहुंच गया। यहां निर्माण कार्य के कारण नदी में गहराई अधिक बताई जा रही है।
इसी स्थान पर विसर्जन के दौरान तीन किशोर पानी में डूबे। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम नदी के लंबे हिस्से में उनकी तलाश कर रही है।