भिवानी में लघु सचिवालय के बाहर जमा पानी में एसडीएम को खड़ा करके ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।
भिवानी में बुधवार को दिल्ली में नीट परीक्षा लीक के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और राहुल गांधी को डिटेन करने के खिलाफ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। इस दौरान कांग्रेसी चौधरी सुरेंद्र सिंह पार्क के सामने एकत्रित हुए।
.
यहां से प्रदर्शन करते हुए वह लघु सचिवालय तक पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने लघु सचिवालय का गेट बंद करके कांग्रेसियों को अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। जबकि कांग्रेस अंदर जाने की बात कर रहे थे। इसको लेकर हंगामा होता रहा और माहौल गर्म रहा। लेकिन पुलिस ने कांग्रेसियों को अंदर घुसने नहीं दिया।

लघु सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।
एसडीएम ने बाहर आकर लिया ज्ञापन
इसके बाद एसडीएम ज्ञापन लेने के लिए पहुंचे। कांग्रेसियों ने गेट खुलवाकर अंदर आकर ज्ञापन सौंपने की बात कही। लेकिन बात नहीं मानी तो एसडीएम ही बाहर चले गए। इस दौरान बरसात का पानी लघु सचिवालय के गेट के बाहर भरा हुआ था।
इसी जमा पानी में एसडीएम को खड़े करके ज्ञापन दिया गया। कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी एवं शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने किया।

भिवानी में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।
युवाओं पर बर्बरतापूर्ण लाठियां बरसाई- कांग्रेस अध्यक्ष
ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी एवं शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि जिस प्रकार से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले 18-19 वर्ष तक के युवाओं पर बर्बरतापूर्ण लाठियां बरसाई गई, उससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार तानाशाही और अहंकार की पराकाष्ठा पार कर चुकी है।
इसे देश के युवाओं के भविष्य और उनके सपनों की रत्ती भर भी परवाह नहीं है। भाजपा सरकार पेपर लीक और भ्रष्टाचार का एक ऐसा जहरीला कॉकटेल तैयार कर रही है, जिसने लाखों होनहार युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया है।
भाजपा का स्पष्ट एजेंडा देश के युवाओं को अनपढ़ और बेरोजगार रखकर भारत को दशकों पीछे धकेलना है, लेकिन कांग्रेस इस घटिया और क्रूर साजिश को कभी कामयाब नहीं होने देगी।

लघु सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले सिस्टम पर गाज गिरनी चाहिए
अनिरूद्ध चौधरी और प्रदीप गुलिया जोगी ने मांग की कि लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले सिस्टम पर गाज गिरनी चाहिए। जोगी ने कहा कि इस पूरे घोटाले और युवाओं के दमन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताओं के भ्रष्टाचार और प्रशासनिक नाकामी की बलि देश के बेकसूर युवाओं को नहीं चढ़ने दिया जाएगा।
पीएम आवास के बाहर से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने पर अनिरूद्ध चौधरी एवं प्रदीप गुलिया ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जब इस देश में नेता प्रतिपक्ष तक को जनहित और युवाओं के मुद्दों पर आवाज उठाने का हक नहीं दिया जा रहा। जब मुख्य विपक्षी नेता को असंवैधानिक तरीके से हिरासत में ठोंक दिया जाता है, तो इस अहंकारी भाजपा सरकार के सामने एक आम नागरिक की हैसियत ही क्या रह जाती है। भाजपा का असली चेहरा अब बेनकाब हो चुका है।